बांदा: पानी में पड़ा मिला किसान का शव, परिजनों ने लगाया हत्या का आरोप
तिंदवारी/ बांदा , अमृत विचार। ग्राम पिपरगवां में किसान का शव गांव में ही एक पुलिया के नीचे पड़ा पाया गया। शव को देख ग्रामीणों ने पुलिस व परिजनों को सूचित किया। मृतक के सिर पर चोट के निशान पाये गये हैं। परिजनों के मुताबिक मृतक का एक दिन पहले गांव के दो लोगों से झगड़ा हुआ था। आशंका जाहिर की उन्हीं ने उसकी हत्या कर दी। परिजनों ने दोनों के खिलाफ रिपोर्ट दर्ज करने को तहरीर दी है। पुलिस ने शव को पोस्टमार्टम के लिये भेजा है।
थाना क्षेत्र के पिपरगवां गांव निवासी किसान मनधीर सिंह (45) पुत्र स्व. इंद्रपाल सिंह का शव गुरुवार को गांव के पास पुलिया के नीचे पानी में पड़ा मिला। ग्रामीणों ने शव को पानी में पड़ा देख परिजनों और पुलिस को सूचना दी। मौके पर पहुंची पुलिस ने शव को बाहर निकलवाया। किसान मनधीर सिंह के सिर पर चोट के निशान पाये गये हैं।
मृतक किसान के परिजनों ने गांव के ही दो लोगों पर उसे पुलिया के ऊपर से धक्का देकर गिराने का आरोप लगाया है। बड़े भाई गुलाब सिंह ने बताया कि गांव के दो लोगों का बुधवार की रात उसके भाई मनधीर के साथ झगड़ा हुआ था। आशंका है कि उन्हीं लोगों ने मनधीर को धक्का देकर पुलिया से नीचे गिरा दिया, जिससे उसके भाई की मौत हो गई। गुलाब सिंह ने गांव के उन दोनों युवकों के खिलाफ थाने में तहरीर भी दी है। परिजनों ने बताया कि किसान मनधीर सिंह के नाम मात्र साढ़े सात बीघे जमीन है। छह भाइयों में वह सबसे छोटा और अविवाहित था। ग्रामीणों की मानें तो वह शराब पीने का आदी था।
मौके पर पहुंचे सीओ सदर गवेन्द्र पाल सिंह गौतम ने घटनास्थल का मौका मुआयना किया और परिजनों से पूछतांछ की। इंस्पेक्टर नरेंद्र प्रताप सिंह के मुताबिक प्रथम दृष्टया किसान मनधीर की मौत पुलिया से गिर जाने से होना प्रतीत हो रही है। शव को पोस्टमार्टम के लिए भेजा जा रहा है, परिजनों की तहरीर और पोस्टमार्टम रिपोर्ट के अनुसार मामला दर्ज कर कार्यवाही की जाएगी।
