विश्व की पांचवीं बड़ी अर्थव्यवस्था बना भारत, विकास एक निरंतर चलने वाली प्रक्रिया :सीएम योगी
अलीगढ़ को 75 करोड़ रुपये की लागत वाली कई परियोजनाओं की सौगात
अलीगढ़, अमृत विचार। यूपी के सीएम योगी आदित्यनाथ ने अलीगढ़ को 75 करोड़ रुपये की लागत वाली कई परियोजनाओं की सौगात दी है। यहां नुमाइश मैदान में आयोजित प्रबुद्ध वर्ग सम्मलेन को सम्बोधित करते हुए सीएम ने कहा अलीगढ़ का देश की आजादी में बड़ा योगदान है। उन्होंने कहा आज भारत विश्व की पांचवीं बड़ी अर्थव्यवस्था है। उन्होंने का है विकास एक निरंतर चलने वाली प्रक्रिया है, जो केंद्र और राज्य सरकार के प्रयासों से लगातार चल रही है। तालानगरी के नाम से मशहूर अलीगढ़ अब गंगा एक्सप्रेसवे और दूसरी परियोजनाओं के लिए भी जाना जा रहा है। सीएम योगी ने कहा सूबे में जबसे डबल इंजन की सरकार आई है तब से हर क्षेत्र में काम हुआ है। उन्होंने कहा आज जी-20 की अध्यक्षता भारत के पीएम मोदी कर रहे हैं, आजादी के अमृत महोत्सव काल में ये बहुत बड़ी उपलब्धि है।
सीएम योगी ने कहा पूर्ववर्ती सरकारों ने विकास तो किया लेकिन जो विकास केंद्र, राज्य और स्थानीय निकाय के माध्यम से अलीगढ़ में किया जा सकता था वैसा नहीं हुआ। उन्होंने लोगों से कहा कि वो ऐसा निकाय चुनें जो बिना भेदभाव के जनता के हित में काम करे। विपक्षियों को निशाने पर लेते हुए सीएम योगी बोले कि आज देश और प्रदेश में जनता ने जातिवाद को नकार कर विकास को अपनाया है। इसका नतीजा यूपी में डबल इंजन की सरकार और उसके विकास कार्यों को देखकर सहज ही लगाया जा सकता है।
सीएम योगी ने निकाय चुनाव में भाजपा को जीत दिलाने की बात कहते हुए यूपी और केंद्र सरकार के विकास कार्य और योजनाओं का बखान किया। उन्होंने का सबका साथ -सबका विकास केवल नारा नहीं ये हकीकत बन चुका है। उन्होंने कहा यूपी बदल चुका है और नए यूपी में कानून का राज है। यहां बड़े इंफ्रास्ट्रक्चर है और हम तेजी से विकास के पथ पर अग्रसर हो रहे हैं। ये सबकुछ बिना केंद्र की मदद के संभव नहीं हो सकता है। उन्होंने स्थानीय निकाय में चुनाव के द्वारा परिवर्तन लाने की अपील भी प्रबुद्धजनों से की।
