Kanpur के Ganga Barrage से सप्लाई बंद होने से 10 लाख की आबादी प्यासी, घरों में पानी नहीं पहुंचने से लोग परेशान
कानपुर में पानी नहीं मिलने से लोग हो रहे परेशान।
कानपुर के गंगा बैराज से सप्लाई बंद कर दी गई है। इससे 10 लाख लोग पानी के लिए परेशान हो रहे है। जलकल विभाग का दावा टैंकरों से आपूर्ति की गई है। साथ ही चुन्नीगंज मेट्रो में ट्रैक पर पाइप का डायवर्जन किया गया है।
कानपुर, अमृत विचार। गंगा बैराज से पानी की सप्लाई बंद होने से 10 लाख की आबादी को पेयजल संकट से जूझने को मजबूर होना पड़ा। घरों में पानी नहीं पहुंचा तो लोग परेशान हो गए। जलकल विभाग का दावा है कि प्रभावित क्षेत्रों में टैंकरों से पेयजल की आपूर्ति की गई, लेकिन लोगों का कहना है कि कई घरों में पानी के लिए लोगों को भटकने को मजबूर होना पड़ा।
दरअसल चुन्नीगंज में मेट्रो (यूपीएमआरसी) ट्रैक में पाइप के डायवर्जन किया जा रहा है। इस शिफ्टिंग के चलते गंगा बैराज प्लांट बंद किया गया है। इस वजह से गुरुवार, शुक्रवार और शनिवार को छह करोड़ लीटर जलापूर्ति रोक दी गई। पानी की यह आपूर्ति शहर के विजयनगर, निराला नगर, गोविंद नगर, साकेत नगर, सर्वोदय नगर, काकादेव, शास्त्रीनगर, बेकनगंज, रामबाग, फूलबाग, बंगाली मोहाल, मूलगंज कृष्णा नगर, किदवई नगर, पटकापुर, जनरलगंज समेत कई इलाकों में की जाती है, जो कि गुरुवार को नहीं हुई। इससे लोगों को पानी की समस्या से जूझना पड़ा। सक्षम लोगों ने निजी टैंकरों की व्यवस्था की तो कई ने मजबूरी में निजी टैंकरों के सहारे तीन दिन की पेयजल व्यवस्था कर ली। वहीं अधिकतर लोगों को पानी के लिए जूझना पड़ा। कई लोगों यह समस्या हेल्पलाइन नंबर 7565004602 पर भी दर्ज कराई। जलकल जीएम प्रमोद जौहरी ने बताया कि मेट्रो द्वारा चुन्नीगंज में जल निगम के पाइप का डायवर्जन किया जा रहा है, इस वजह से आपूर्ति बंद रही। पेयजल टैंकर भेजकर आपूर्ति की गई।
