धर्मांतरण :फरार आरोपियों के घरों की कुर्की करेगी पुलिस

Amrit Vichar Network
Edited By Amrit Vichar
On

मुकदमा वादी को पीटने वाला एक आरोपी गिरफ्तार, आरोपी बने शिक्षक ने कोर्ट में पहुंच कर किया समर्पण

अमृत विचार, फतेहपुर। जिले में इवेजेलिकल चर्च (ईसीआई) से उठी धर्मांतरण की चिंगारी की  लपटे पूरे जिले में सुलग रही हैं। पुलिस के अफसरों से लेकर पब्लिक तक इस मुद्दे पर अपने अपने तर्क दे रही है। लोग इस रहस्यमयी धर्मांतरण की कहानी के हर किरदार को  जानने के लिए उत्सुक हैं। दो दिन पूर्व बहुआ कस्बे में धर्मांतरण का मुकदमा दर्ज करवाने वाले मुकदमा वादी के साथ हुई मारपीट के मामले में पुलिस ने एक व्यक्ति को गिरफ्तार कर लिया है।

 इसके अलावा जिन 40 लोगों के खिलाफ कोर्ट से गैर जमानती वारंट जारी किए गए थे। उनमें एक आरोपी ने न्यायालय में  पहुंचकर समर्पण कर दिया है। पुलिस अब शेष बचे आरोपियों के खिलाफ गिरफ्तारी ना हो पाने से उनके घरों की कुर्की करने की तैयारी में जुट गई है। पुलिस का मानना है कि इनके आत्मसमर्पण किए जाने के बाद रिमांड में लेकर पूछताछ की जाएगी और ईसाई मिशनरी के हर पहलू की जांच पड़ताल को आगे बढ़ाया जाएगा।

जिले में सक्रिय धर्मांतरण मिशनरी ने गरीब परिवारों को बड़ी मात्रा में अपने शिकंजे में ले रखा है। यह गरीब परिवार ज्यादातर ग्रामीण इलाकों के रहने वाले हैं जिनके पास आर्थिक परेशानी के साथ-साथ सामाजिक परेशानियां भी कम नहीं हैं। शिक्षा के क्षेत्र में भी इनके पास काफी दिक्कतें है। इन्ही दिक्कतों को दूर करने के लिए ईसाई मिशनरियों के एजेंट इनके नजदीक आए और मौके का फायदा उठा कर इन्हें अपने धर्म में कन्वर्ट किए जाने के लिए प्रेरित किया। धन का प्रलोभन दिया और उच्च शिक्षा के साथ-साथ तमाम तरीके की बेरोजगारी दूर किए जाने के भी प्रलोभन दिए हैं लेकिन अब इस मामले का भंडाफोड़ हो जाने के बाद ईसाई मिशनरियों के एजेंट भी फरार है।

 पुलिस मामले पर पूरी तरीके से निगरानी रखे हुए पूरे जिले में दर्ज हुए अब तक 8 मुकदमों में सबसे ज्यादा आरोपी सदर कोतवाली क्षेत्र में बनाए गए हैं। 14 अप्रैल को सदर कोतवाली में 35 लोगों समेत 20 अज्ञात लोगों के खिलाफ मुकदमा दर्ज किया गया था। जिसमें पुलिस सभी का नाम अपनी जांच पड़ताल में खुलासा कर चुकी है और उन्हें चिन्हित किया जा चुका है। 15 लोगों को पुलिस गिरफ्तार भी कर चुकी थी लेकिन एक आरोपी ने पुलिस को चकमा दे दिया और उसने कोर्ट में समर्पण कर दिया। 

पुलिस के उच्चाधिकारियों की मंशा है कि धर्मांतरण से जुड़े सभी आरोपियों को गिरफ्तार किया जाए। उनसे बाकायदा पूछताछ भी की जाए जिससे यह बात सामने आ सके कि प्रचार प्रसार से लेकर गरीबों को प्रलोभन देकर जो धनराशि दी गई। वह कहां से आई है और इसके फंडिंग के पीछे की कहानी क्या है। इसको लेकर पुलिस के अधिकारियों ने कई टीमें बना रखी है और  लगातार पुलिस की टीमें इस मामले में काम करती जा रही हैं।  पुलिस को अब तक तमाम पुख्ता सबूत मिले हैं। पिछले दिनों ईसीआई चर्च के पादरी विजय मसीह की गिरफ्तारी और उसके दाहिने हाथ जानसन जैकब की हुई गिरफ्तारी ने पुलिस की जांच में काफी गतिशीलता प्रदान कर दी है। 

इन दोनों ने पुलिस को अपने अपने बयानों में जो सबूत दिए हैं उनके आधार पर पुलिस को बड़ी सफलता हाथ लगी है। पुलिस अब तक ऐसे लोगों की तलाश में जुट गई है जो इनके संरक्षणदाता भी हैं। पुलिस, शहर के दो चर्च एवं मिशन अस्पताल की गतिविधियों को लेकर  इन्हें बाकायदा नोटिस भी भेजी जा चुकी है लेकिन अभी तक कोई भी नोटिस का जवाब नहीं आया है। जवाब आते ही कार्रवाई का मापदंड भी किया जाएगा।


फरार आरोपियों के घरों की होगी कुर्की

धर्मांतरण के मामले में फरार चल रहे 40 आरोपियों के खिलाफ पुलिस अब गैर जमानती वारंट होने के बाद भी आरोपियों द्वारा आत्मसमर्पण न किए जाने के कारण उनके घरों की कुर्की किए जाने की तैयारी में जुटी हुई है। कोतवाली प्रभारी निरीक्षक अमित कुमार मिश्रा ने इसकी पुष्टि करते हुए साफ तौर पर कहा कि गिरफ्तारी को लेकर लगातार दविशे दी जा रही है लेकिन अभी तक कोई पकड़ में नहीं आया जिससे अब इनके घरों की कुर्की की जाएगी।

 संपत्ति भी सीज किए जाने की कार्रवाई का मापदंड अपनाया जाएगा। इस कार्रवाई को अमलीजामा पहनाए जाने के लिए थाने के दो उप निरीक्षकों को लगा दिया गया है। जो पूरे मामले की तहकीकात करने के साथ-साथ आरोपियों के घरों को चिन्हित किए जाने का काम करने में जुटे हुए हैं। कुर्की की कार्रवाई की जानकारी मिलने पर जो आरोपी फरार हैं, उनके घरों के लोग भी परेशान हैं और अपने बचाव का रास्ता खोजने के लिए इधर-उधर हाथ पैर मारने में जुटे हुए हैं।

एक आरोपी कोर्ट में हाजिर

धर्मांतरण के मामले में पुलिस जिस तेजी के साथ आरोपियों के घरों में दबिश देने में जुटी हुई है ।उससे आरोपियों के बीच हड़कंप मचा हुआ है । सदर कोतवाली में दर्ज मुकदमे में एक आरोपी मुकुल कुमार ने अपने अधिवक्ता के माध्यम से न्यायालय में आत्मसमर्पण कर दिया। पुलिस इस आरोपी की गिरफ्तारी को लेकर कई बार दविशे दे चुकी है। आरोपी एक निजी स्कूल में शिक्षक भी हैं। पुलिस का कहना है कि इस आरोपी को भी पुलिस रिमांड में लेकर पूछताछ करेगी।

मुकदमा वादी से मारपीट करने वाला एक गिरफ्तार

जिले के बहुआ कस्बे में दो दिन पूर्व धर्मांतरण के दर्ज कराए गए मुकदमा  वादी मधु शुक्ला व उसके परिजनों के साथ साथ गवाही लवलेश के साथ हुई मारपीट के मामले में ललौली थाने में 4 लोगों के खिलाफ मुकदमा दर्ज किया गया था। जिसमें एक आरोपी विनोद यादव को ललौली पुलिस ने आज गिरफ्तार कर लिया और उसे जेल भेज दिया। पुलिस का कहना है कि इस मामले में अभी तीन अन्य आरोपी फरार हैं। जिसमें आरोपी विनोद की पत्नी निर्मला, बंटी, कल्लू भी शामिल है की गिरफ्तारी को लेकर दविशे दी जा रही हैं।

धर्मांतरण का रैकेट बचेगा नहीं

जिले में धर्मांतरण के मामले को लेकर पुलिस की लगातार कार्रवाई जारी है और इस मामले पर धर्मांतरण से जुड़े हर बिंदु पर जानकारी की जा रही है। खुफिया तंत्र को भी लगाया गया है। किसी भी आरोपी को बख्शा नहीं जाएगा । 

इस सम्बन्ध में पुलिस अधीक्षक राजेश कुमार सिंह का कहना है कि पुलिस हर तह तक जाने के लिए कोशिश करने में जुटी हुई है। जो भी इस खेल में शामिल हैं। उन्हें हर हाल में गिरफ्तार किया जाएगा।  इस बात की जानकारी की जाएगी कि आखिर इनको फंडिंग कहां से मिल रही थी। इन सब के पीछे का मास्टरमाइंड कौन है जो गैर प्रांत से नेटवर्क का संचालन कर रहा था। पुलिस को अब तक तमाम पुख्ता सबूत भी मिले हैं।