संभल: नकब लगाकर किराना की दुकान से सवा लाख का सामान चोरी
पॉवर हाउस कॉलोनी की है वारदात, एक सप्ताह में पॉवर हाउस की तीन दुकानों को चोरों ने बनाया निशाना
संभल/चन्दौसी, अमृत विचार। कोतवाली क्षेत्र के मोहल्ला पॉवर हाउस कॉलोनी में चोरों ने गुरुवार रात किराना की दुकान में नकब लगा लिया। आरोपी दुकानसे सवा लाख का सामान चोरी कर ले गे। चोरों ने इस कॉलोनी में एक सप्ताह में तीन दुकानों को निशाना बनाया है। इससे दुकानदारों में रोष व्याप्त है। पीड़ित ने तहरीर देकर कार्रवाई की मांग की है।
पॉवर हाउस कॉलोनी निवासी मुंशीलाल की मुख्य रोड पर किराना की दुकान है। यह रोड दिन भर व्यस्त रहता है। देहात क्षेत्र के लोग अधिकतर इसी मार्ग से होकर गुजरते हैं। मुंशीलाल व उसके पुत्र गुरुवार रात साढ़े आठ बजे दुकान बंद कर आए थे। शुक्रवार सुबह नौ बजे जब दुकान खोली तो पीछे की दीवार में नकब लगा हुआ था। पॉवर हाउस के कई बीघा जमीन खाली पड़ी है। यहीं से चोरों ने नकब लगा लिया। चोर रिफाइंड के 20 पीपे, रिफाइंड की 25 पेटी, सर्फ, बिस्कुट ले गए। पीड़ित ने सवा लाख का सामान ले जाने का दावा किया है। आरोपी वाहन में भरकर सामान ले गए हैं। दुकान स्वामी की सूचना के बाद मौके पर पहुंची पुलिस ने जानकारी ली।
वहीं नागरिकों का कहना है कि चोर यहां से एक सप्ताह में तीन दुकानों को निशाना बनाया है। तीन पहले विनोद यादव की तेल की दुकान, एक सप्ताह पहले अलाउददीन की परचून की दुकान से चोरी कर ले गए थे। चोरी की लगातार वारदातों से स्थानीय दुकानदारों में भय है। दुकानदारों का कहना है कि पीछे सुनसान जगह है। कोई भी पुलिसकर्मी रात में गश्त नहीं करने आता है। मुंशीलाल ने चोरी की तहरीर कोतवाली में दी है।
ये भी पढ़ें:- संभल: आरोपी को पकड़ने गई पुलिस टीम पर पथराव, तीन पुलिसकर्मी घायल
