बांदा : भूखे पिता ने खाने को मांगी रोटी, बेटों ने चटकाई लाठियां
अमृत विचार, बांदा। जिले में एक और अमानवीय घटना सामने आई है। रोटी मांगने पर पुत्रों ने अपने ही पिता पर बुरी तरह से लाठिया बरसाईं, जिससे वह लहूलुहान हो गया। शोरगुल सुनकर आसपास के लोग मौके पर पहुंच गए। किसी तरह समझा बुझाकर मामले को शांत कराया गया। घायल को जिला अस्पताल में भर्ती कराया गया। घटना की सूचना पुलिस को दे दी गई है। पुलिस मामले की जांच पड़ताल कर रही है।
मटौंध थाना क्षेत्र के चिलेहटा गांव निवासी राजकुमार (48) मजदूरी करता है। गुरुवार की रात वह मजदूरी करने के बाद घर पहुंचा और बेटों से खाना मांगा। पुत्रों ने उसे खाना देने से मना कर दिया। इसी बात को लेकर पिता-पुत्रों के बीच विवाद हो गया।
विवाद इतना बढ़ गया कि दो पुत्रों ने पिता राजकुमार को लाठियों से पीटकर लहूलुहान कर दिया। शोरगुल सुनकर पड़ोस के लोग मौके पर पहुंच गए। किसी तरह मामले को समझा बुझाकर शांत कराया। सूचना पाकर मौके पर पहुंची पुलिस ने घायल को उठाकर जिला अस्पताल में भर्ती कराया। घटना की सूचना पुलिस को दी गई है। राजकुमार का कहना है कि उसने अपने बेटों से रोटी मांगी थी। रोटी न देकर उसे लाठियां मिलीं।
