गोरखपुर : जिले में 3430 गरीब बेटियों के हाथ पीले करा चुकी योगी सरकार

28 नवम्बर को एक हजार और जोड़ों का होगा सामूहिक विवाह, आशीर्वाद देने के लिए खुद मौजूद रहेंगे मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ

 गोरखपुर : जिले में 3430 गरीब बेटियों के हाथ पीले करा चुकी योगी सरकार

अमृत विचार, गोरखपुर। किसी भी गरीब के लिए सर्वाधिक चिंता की बात बिटिया की शादी होती है। मुख्यमंत्री बनने के बाद से योगी आदित्यनाथ ने गरीबों की यह चिंता दूर कर दी है। योगी सरकार मुख्यमंत्री सामूहिक विवाह योजना के अंतर्गत वर्ष 2017 से गोरखपुर जिले में अब तक 3430 गरीब बेटियों के हाथ पीले करा चुकी है।

सरकार की यह योजना सिर्फ औपचारिकता नहीं है बल्कि इसमें वैवाहिक जीवन में प्रवेश करने वाले जोड़ों को गृहस्थी के जरूरी सामान देने के साथ भविष्य की जरूरतों के लिए बिटिया के खाते में 35 हजार रुपये की धनराशि भी दी जाती है। जिले में एक बार फिर एक ही साथ एक हजार जोड़े मुख्यमंत्री सामूहिक विवाह योजना के अंतर्गत बड़े ही धूमधाम से वैवाहिक बंधन में बंधने जा रहे हैं। खास बात यह कि इन जोड़ों को आशीर्वाद देने मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ खुद मौजूद रहेंगे। 

सामूहिक विवाह योजना के तहत वृहद व भव्य समारोह का आयोजन 28 नवंबर को पूर्वाह्न 10 बजे से रामगढ़ताल क्षेत्र में स्थित चंपा देवी पार्क मैदान में होने जा रहा है। समाज कल्याण विभाग की तैयारी एक हजार जोड़ों के सामूहिक विवाह कराने की है। हालांकि अब तक हजार से अधिक आवेदन आ चुके हैं। आवेदन पत्रों के सत्यापन की प्रक्रिया तेजी से पूरी की जा रही है। प्रति विवाह सरकार 51 हजार रुपये खर्च करती है।

इसमें से 35 हजार रुपये विवाह बंधन में बंधने जा रही कन्या के बैंक खाते में अंतरित कर दिए जाते हैं। 10 हजार रुपये उपहार व शेष राशि अन्य खर्चों के मद में है। सामूहिक विवाह के इस समारोह में मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ के साथ जिले के जनप्रतिनिधियों की मौजूदगी नवयुगलों के लिए आजीवन यादगार रहेगी। वित्तीय वर्ष 2017-18 से योगी सरकार मुख्यमंत्री सामूहिक विवाह योजना के तहत सिर्फ गोरखपुर जिले में ही 3430 शादियां सम्पन्न करा चुकी है। अब इसमें हजार की संख्या और जुड़ जाएगी। 

मुख्यमंत्री सामूहिक विवाह योजना की उपलब्धि

      वित्तीय वर्ष           शादियों की संख्या
  • 2017-18                81
  • 2018-19               236
  • 2019-20              671
  • 2020-21              622
  • 2021-22             1416
  • 2022-23             404 (अब तक)

यह दिए जाएंगे उपहार

वधू के लिए विवाह हेतु कढ़ाई की एक साड़ी, एक चुनरी, एक डेली यूज की साड़ी, वर हेतु कुर्ता पायजामा, पगड़ी तथा माला। मुस्लिम विवाह के लिए वधू को कढ़ाई वाला सूट, चुनरी, सूट का कपड़ा, वर हेतु कुर्ता पायजामा आदि। आभूषण में 25 ग्राम की चांदी की पायल, छह ग्राम का बिछुआ। गृहस्थी के समान में एक कुकर, एक जग या लोटा, दो थाली, दो गिलास, दो कटोरा व चम्मच, एक बक्सा तथा एक श्रृंगारदानी प्रसाधन सामग्री से भरी हुई।