अमेठी में डीएम ने गठित की 4 सदस्यीय टीम, गायत्री प्रजापति की संपत्ति का करेगी मूल्यांकन
लखनऊ, अमृत विचार। समाजवादी पार्टी की सरकार में मंत्री रहे गायत्री प्रजापति की मुश्किलों में और इजाफा होने जा रहा है। लखनऊ विजिलेंस के निर्देश पर अमेठी डीएम ने एसडीएम की अध्यक्षता में चार सदस्यीय जांच टीम का गठन किया है। अमेठी के आवास विकास कॉलोनी स्थित भवनों का मूल्यांकन कर तीन दिन के भीतर रिपोर्ट डीएम को सौंपने को कहा है। मौजूदा समय में गायत्री प्रजापति की पत्नी महाराजी देवी अमेठी विधानसभा से विधायक हैं।
सपा सरकार में पूर्व खनन मंत्री रहे गायत्री प्रजापति के आवास विकास कॉलोनी में ही कई मकान और भूखंड हैं। उनका कार्यालय भी इसी कॉलोनी में है, इसके साथ ही उनके चार आवासीय मकान भी हैं। जिसके मूल्यांकन कराने का आदेश अमेठी डीएम ने दिया है। अमेठी डीएम राकेश कुमार मिश्र ने 3 दिन के अंदर रिपोर्ट सौंपने को कहा है।
ये भी पढ़ें - मुंबई आतंकी हमले में बलिदान हुए वीर जवानों को मुख्यमंत्री योगी और उप मुख्यमंत्री ने दी श्रद्धांजलि
अमेठी डीएम के आदेश के अनुसार मूल्यांकन कमेटी अपने साथ संबंधित राजस्व कर्मियों के साथ मूल्यांकन करेगी। इस आशय पत्र पुलिस अधीक्षक उत्तर प्रदेश सतर्कता अधिष्ठान द्वारा जिला अधिकारी अमेठी को लिखा गया है।
बताते चलें कि सपा सरकार में कैबिनेट मंत्री रहे गायत्री प्रसाद प्रजापति को एमपी-एमएलए कोर्ट ने गैंगरेप के मामले में दोषी करार दिया था। गायत्री के साथ दो अन्य आरोपी आशीष शुक्ला और अशोक तिवारी भी दोषी पाए गए थे, जबकि चार आरोपियों को कोर्ट ने बरी कर दिया था।
