Rampur By-Election : खिचड़ी पंचायत में नकवी बोले - वोटों की जागीरदारी नहीं, विकास की हिस्सेदारी असल मुद्दा
रामपुर,अमृत विचार। ककरौआ में हुई खिचड़ी पंचायत में वरिष्ठ भाजपा नेता एवं पूर्व केंद्रीय कैबिनेट मंत्री मुख्तार अब्बास नकवी ने कहा कि वोटों की जागीरदारी नहीं विकास की हिस्सेदारी असल मुद्दा है। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी और उत्तर प्रदेश के मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ का समावेशी सुशासन का संकल्प गरीबों की जिंदगी में खुशहाली और उनकी तरक्की की गारंटी है।
विधानसभा उप-चुनाव में भाजपा प्रत्याशी आकाश सक्सेना के समर्थन में ग्राम ककरौआ में आयोजित खिचड़ी पंचायत वरिष्ठ भाजपा नेता मुख्तार अब्बास नकवी ने कहा कि जाति, जमात के वोटों के ठेकेदारों की मंडली उसी समाज के विकास पर कुण्डली मारकर बैठी रही। समावेशी सशक्तिकरण के बजाय सियासी शोषण करती रही। मोदी-योगी सुशासन की डोर को समावेशी विकास के छोर तक पहुंचा रहे हैं। समाज की सुरक्षा और समृद्धि के संकल्प के साथ काम कर रहे हैं।
भाजपा की डबल इंजन की सरकार में उत्तर प्रदेश विकास की पटरी पर तेजी से दौड़ रहा है। मोदी-योगी की सरकार परिश्रम, पारदर्शिता और प्रमाणिकता के साथ काम कर रही है। मोदी-योगी ने समाज के सभी तबकों को सम्मान के साथ समृद्धि और सशक्तिकरण का बराबर का साझेदार बनाया है। मोदी-योगी ने वक्त की कठिन कसौटी पर समावेशी विकास की मजबूत इबारत लिखी है, जिसका हर शब्द गरीबों की तरक्की का ताज बन रहा है। भाजपा दंगों-दबंगों की राजनीति को परास्त कर डेवलपमेंट,डेमोक्रेसी, डिग्निटी की राष्ट्रनीति के साथ काम कर रही है। भाजपा ने सुशासन और सेवा के संकल्प को राष्ट्रधर्म बनाया है।
इस अवसर पर उत्तर प्रदेश के मंत्री बलदेव औलख, सांसद घनश्याम लोधी,जिला पंचायत अध्यक्ष ख्यालीराम लोधी,सूर्य प्रकाश पाल,प्रत्याशी आकाश सक्सेना,भाजपा जिलाध्यक्ष अभय गुप्ता,कपिल आर्य,ज्वाला प्रसाद गंगवार,जागेश्वर दीक्षित, हंसराज पप्पू,महासिंह राजपूत, श्रीष गुप्ता ,राजीव मांगलिक, मोहन लाल सैनी, देवेंद्र सैनी, लक्ष्मी सैनी, प्रेमपाल सैनी, अन्य प्रमुख लोग उपस्थित रहे।
ये भी पढ़ें : रामपुर: 400 मीटर दौड़ में स्वार की मिसबाह, मिलक के अर्जुन ने मारी बाजी
