बांदा: बारात आने से पहले प्रेमी संग गायब हुई युवती, तलाश में जुटी पुलिस
नरैनी/ बांदा, अमृत विचार। कोतवाली क्षेत्र के एक गांव की 20 वर्षीय युवती अपने प्रेमी के संग रफूचक्कर हो गयी। लड़की की शादी भी तय हो चुकी थी और आज रविवार को बारात आनी थी। पिता ने युवक पर उसकी बेटी को बहला फुसलाकर अपने साथ भगा ले जाने का आरोप लगाया है। पुलिस ने युवक के खिलाफ मुकदमा दर्ज कर लिया है और पुलिस की टीम उनकी तलाश जांच में जुटी है।
मामला कोतवाली क्षेत्र के कालिंजर थाना क्षेत्र अंतर्गत एक गांव का है, जिसमें एक पिता ने पुलिस को दी गई तहरीर में बताया है कि गत 20 नवंबर को उसकी 20 वर्षीया पुत्री जब घर से कालिंजर बाजार करने को गई थी तो वह एक तिलक समारोह में गया हुआ था। शाम को जब वहां से वापस घर लौटा तो उसकी पत्नी ने बताया कि उनकी पुत्री दोपहर तकरीबन 12 बजे सामान लेने बाजार गई थी, लेकिन अभी तक वापस लौटकर घर नहीं आई है। यह सुनते ही उसके हाथ-पैर फूल गये। आसपास खोज खबर के साथ ही उसने अपने सारे रिश्तेदारों में अच्छे से उसका पता लगाया।
जानकारी मिली कि कि ओमप्रकाश पुत्र इंद्रपाल यादव निवासी छुलहा पुरवा थाना भरतकूप जनपद चित्रकूट उसकी बेटी को उसके साथ शादी रचाने का कुचक्र रचकर बहला फुसलाकर भगा ले गया है। उसने यह भी बताया कि उसकी बेटी की शादी भी तय हो चुकी थी और जिसकी रविवार को बारात आनी थी। वही, कालिंजर थानाध्यक्ष नरेश कुमार प्रजापति ने बताया पिता की तहरीर पर बेटी को भगाकर ले जाने वाले आरोपी ओमप्रकाश पुत्र इंद्रपाल यादव के खिलाफ आईपीसी की धारा 366 के तहत मामला पंजीकृत कर लिया गया है। पुलिस टीम उनकी तलाश में जुटी है।
