लखनऊ: मुख्यमंत्री ने ललित नारायण मिश्रा रेलवे चिकित्सालय का किया निरीक्षण

Amrit Vichar Network
Edited By Amrit Vichar
On

लखनऊ, अमृत विचार। उत्तर प्रदेश के मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने रविवार को ललित नारायण मिश्र रेलवे चिकित्सालय का निरीक्षण किया। ललित नारायण मिश्र रेलवे चिकित्सालय में 200 बेड का कोविड लेवल-1 की सुविधा उपलब्ध करायी गयी है, जिसमें अभी तक कुल 563 मरीजों का सफलतापूर्वक इलाज कर डिस्चार्ज किया गया है। मुख्यमंत्री ने इस हास्पिटल …

लखनऊ, अमृत विचार। उत्तर प्रदेश के मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने रविवार को ललित नारायण मिश्र रेलवे चिकित्सालय का निरीक्षण किया। ललित नारायण मिश्र रेलवे चिकित्सालय में 200 बेड का कोविड लेवल-1 की सुविधा उपलब्ध करायी गयी है, जिसमें अभी तक कुल 563 मरीजों का सफलतापूर्वक इलाज कर डिस्चार्ज किया गया है।

मुख्यमंत्री ने इस हास्पिटल में नव विकसित कोविड लेवल-2 के 25 बेड की सुविधाओं को देखा। रेल प्रशासन ने 25 बेड के वार्ड की सभी तैयारियां पूर्ण कर ली गयी हैं। इसके लिये 9 वेंटिलेटर की व्यवस्था की गयी है, जिसमें 5 मैकेनिकल वेंटिलेटर,4 नाॅन-इनवेसिव वेंटिलेटर है। साथ ही सभी 25 बेड के साथ आक्सीजन सिलेण्डर व अन्य उपयोगी चिकित्सा उपकरण उपलब्ध कराये गये हैं। 29 जुलाई से कोविड लेवल-2 के लिए 25 बेड उपयोग में लाये जाने की योजना बनायी गयी है।

निरीक्षण के दौरान मुख्यमंत्री ने चिकित्सालय में कोरोना मरीजों के इलाज में बहुपयोगी कान्टेक्ट लेस, रिमोट संचालित रोबोटिक ट्राली का उद्घाटन किया। ज्ञातव्य है कि यांत्रिक कारखाना, गोरखपुर में कोरोना मरीजों के इलाज में बहुपयोगी यह रोबोटिक ट्राली (केयर बाॅट) आतंरिक संसाधनों ने विकसित की गई है। इसका उपयोग करोना मरीजों को दूर से दवा व भोजन आदि देने के लिये किया जायेगा, जिससे कोरोना मरीजों एवं चिकित्सा कर्मियों के बीच निकट से कोई आदान-प्रदान नहीं होगा शोसल डिस्टेंसिंग बनी रहेगी। इसके उपयोग से पर्सनल प्रोटेक्टिव इक्विपमेंट (पीपीई) के खपत में भी कमी आयेगी।

यह ट्राली कोरोना मरीजों को एक बार में ही दवा एवं खाने का सामान तेजी से तथा स्वच्छता के साथ कुशलतापूर्वक देने में सक्षम है। इस ट्राली में लगे उपकरण (थर्मल स्कैनर) से मरीजों का दूर से ही बुखार भी नापा जा सकता है। इस ट्राली में 360 डिग्री एच.डी. विजन ऐप आधारित क्लाउड कैमरा लगा हुआ है। कैमरे के माध्यम से डाक्टर मरीजों से वीडियो कालिंग के माध्यम से वर्चुअल बातचीत कर सकते है। 25 मीटर रेन्ज वाली यह रोबोटिक ट्राली एक बार पूरी तरह चार्ज होने पर 120 मिनट तक लगातार कार्य कर सकती है। यह ट्राली 50 किग्रा. उठाने में सक्षम है। मरीजों के चिकित्सा प्रबन्धन में इससे काफी सुविधा होगी तथा सोशल डिस्टेंसिंग बनी रहेगी।

संबंधित समाचार