डिप्टी सीएम ब्रजेश पाठक ने सहारनपुर मेडिकल कॉलेज में उच्च तकनीक की दो मशीनों का किया उद्घाटन
सहारनपुर। यूपी के उपमुख्यमंत्री व स्वास्थ्य मंत्री बृजेश पाठक ने मंगलवार को यहां राजकीय मेडिकल कालेज में उच्च तकनीक की दो नई मशीनों ब्रेन, इओक्ड रिस्पांस आडियोमिट्री मशीन और कार्बन डाइआक्साइड (सीओ2) लेजर मशीन का उद्घाटन किया। ब्रजेश पाठक के पास स्वास्थ्य विभाग भी है। ब्रजेश पाठक आज करीब 12 बजे सहारनपुर के पिलखनी स्थित राजकीय मेडिकल कालेज पहुंचे और तकरीबन एक घंटा वहां पर रूके।
उन्होंने इन दोनों मशीनों का उद्घाटन करने के बाद करीब एक घंटा कॉलेज के चिकित्सकों और स्वास्थ्य विभाग के उच्चाधिकारियों के साथ समीक्षा बैठक की। उप मुख्यमंत्री पाठक ने मेडिकल कॉलेज के प्राचार्य और जिले के मुख्य चिकित्साधिकारी डॉ. संजीव मांगलिक को निर्देश दिए कि स्वास्थ्य विभाग में रिक्त नियुक्तियों को और उच्च तकनीक वाली मशीनों के संचालन के लिए प्रशिक्षित आपरेटरों की नियुक्तियां करें और काम में किसी तरह की बाधा न आने दें।
उन्होंने कहा कि जनसहयोग से सभी जरूरी उपकरणों की व्यवस्था और उनके संचालन का प्रबंध किया जाए।
संविदा के आधार पर जरूरी चिकित्सकों और स्वास्थ्यकर्मियों की नियुक्तियां करने का काम करें ताकि सभी तरह के रोगियों का उचित इलाज हो सके। समीक्षा बैठक में कॉलेज के प्राचार्य डॉ. अरविंद त्रिवेदी और अन्य विभागीय अध्यक्षों ने संसाधनों की अनुपलब्धता और तकनीकी कर्मचारियों की कमी से होने वाली दिक्कतों को उनके समक्ष उठाया।
ब्रजेश पाठक करीब एक घंटे की देरी से राजकीय विमान से सरसावा एयरपोर्ट पर उतरे थे और बैठक के बाद सरसावा से ही राजकीय विमान से मुरादाबाद के लिए रवाना हो गए। रवाना होने से पहले उप मुख्यमंत्री एवं स्वास्थ्य मंत्री पाठक ने मशीनों के उद्घाटन के साथ-साथ मेडिकल कालेज एवं अन्य विभागों का निरीक्षण भी किया।
उन्होंने अधिकारियों को कालेज, अस्पताल एवं वार्डों में साफ-सफाई के निर्देश भी दिए।
बैठक में जिलाधिकारी अखिलेश सिंह, मुख्य चिकित्सा अधिकारी (सीएमओ) डॉ. मांगलिक, मेडिकल कालेज के तमाम विभागाध्यक्ष एवं प्राचार्य डॉ. त्रिवेदी, जिला मलेरिया अधिकारी शिवांका गौड़, जिला महिला अस्पताल की अधीक्षका रत्नपाल, जिला अस्पताल के सीएमएस डॉ. बृजेश राठौर, डा. कुणाल जैन, डा. संजय यादव और भाजपा के सांसद और विधायक एवं जनप्रतिनिधि आदि मौजूद रहे।
यह भी पढ़ें:-केजीएमयू भारत भर के डॉक्टरों को बीमारियों के सबूत तैयार करने में करेगा मदद
