मुरादाबाद : सड़क हादसे में कार ने बाइक को मारी टक्कर, महिला की मौत...बेटा व धेवती घायल

Amrit Vichar Network
Edited By Amrit Vichar
On

मुरादाबाद,अमृत विचार। आंखों की दवा लेकर बेटे के साथ घर लौट रही बाइक सवार महिला को तेज रफ्तार कार ने टक्कर मार दी।हादसे में महिला की मौके पर ही मौत हो गई, जबकि बाइक चला रहा उसका बेटा और पीछे बैठी धेवती गंभीर रूप से घायल हो गए। उन्हें जिला अस्पताल में भर्ती कराया गया है। रामपुर निवासी महिला के शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया गया।

रामपुर जनपद के सैफनी थाना क्षेत्र के गांव धनिया पुर निवासी महमूद खेती-बाड़ी करते हैं। उनके परिवार में 55 वर्षीय पत्नी खैरुलनिसा और चार बेटियां तथा तीन बेटे हैं। मंगलवार की शाम खैरलनिसा अपने छोटे बेटे अरशद अली के साथ आंखों की दवा लेने ईसागढ़ गई थी। दवा लेकर लौटते समय उनके साथ मैनाठेर थाना क्षेत्र के गांव नगलिया मसकुला निवासी धेवती 16 वर्षीय मेहबिश पुत्री मुनाजिर भी थी।

रास्ते में नसीरपुर की पुलिया के पास अरशद अली बाइक लेकर कच्चे रास्ते में खड़ा था। तभी तेज रफ्तार कार ने उनकी बाइक को टक्कर मार दी। हादसे में खैरुल निशा की मौके पर ही मौत हो गई, जबकि अरशद अली और मेहविश बुरी तरह घायल हो गए। सूचना पर पहुंची पुलिस ने तीनों को जिला अस्पताल पहुंचाया। जहां डॉक्टरों ने खेरूल निशा के शव को मोर्चरी भेज दिया और अरशद अली तथा मेहबिश को भर्ती कर उपचार शुरू कर दिया। बुधवार को मैनाठेर पुलिस ने खैरुल निशा के शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है। महिला की मौत से परिवार में कोहराम मचा है।

ये भी पढ़ें :  मुरादाबाद  : सोनकपुर पुल को जोड़ने वाली सड़क बदहाल, लोगों को करना पड़ रहा है परेशानी का सामना

संबंधित समाचार