सुल्तानपुर: बेकाबू ट्रक ने पत्नी को कुचला, पति गंभीर, ग्रामीणों ने शव रखकर जाम किया हाइवे, पुलिस ने समझाया
सुल्तानपुर। कोतवाली देहात के दोमुंहा चौराह के पास लखनऊ-वाराणसी हाइवे पर एक बेकाबू ट्रक ने बाइक सवार दंपति को कुचल दिया। ट्रक के नीचे आने से पत्नी की मौके पर ही मौत हो गई, जबकि पति को गंभीर हालत में अस्पताल में भर्ती कराया। गुस्साए लोगों ने शव रखकर हाईवे जाम कर प्रदर्शन शुरू कर दिया। पुलिस ने किसी तरह हालात को काबू में किया और समझा-बुझाकर जाम खुलवाया।
कोतवाली देहात थाना क्षेत्र के किरता का पूरा धरमगंज निवासी मेवालाल (61) अपनी पत्नी राजदेई (60) को बाइक पर बैठाकर दवा दिलाने अस्पताल लेकर जा रहे थे। इसी दौरान पीछे से आई तेज रफ्तार ट्रक ने बाइक में टक्कर मार दी। टक्कर लगते ही राजदेई सड़क पर गिरी और ट्रक का पहिया चढ़ने से उनकी मौत हो गई। मेवालाल को घायल अवस्था में लोगों ने सीएचसी मे भर्ती कराया है। दुर्घटना के बाद ट्रक चालक कुछ दूर पर ट्रक छोड़कर फरार हो गया है। वहीं स्थानीय लोगों ने दुर्घटना के बाद हाइवे पर शव रखकर प्रदर्शन शुरू कर दिया है। पुलिस ने इसकी सूचना आला अधिकारियों को दी है। शव रखकर राजमार्ग पर प्रदर्शन की सूचना अधिकारियों के हाथ पांव फूल गए। मौके पर पहुंचे पुलिस के आलाधिकारियों ने किसी तरह लोगों को समझा-बुझाकर मामला शांत कराया। शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेजा है। पुलिस ने ट्रक को कब्जे में लेकर चालक की तलाश में जुट गई है
