मजबूत वैश्विक रूझानों के बीच घरेलू शेयर बाजार में तेजी बरकरार, सेंसेक्स 480 अंक से अधिक उछला
अन्य एशियाई बाजारों में सियोल, तोक्यो, शंघाई और हांगकांग के बाजारों में तेजी थी। अमेरिकी बाजार भी बुधवार को बढ़त के साथ बंद हुए। बुधवार को बीएसई का 30 शेयरों वाला सूचकांक सेंसेक्स 417.81 अंक यानी 0.67 प्रतिशत चढ़कर 63,099.65 अंक पर बंद हुआ था।
मुंबई। वैश्विक बाजारों में मजबूती और विदेशी कोषों की लगातार आवक के बीच शेयर बाजारों में गुरूवार को शुरुआती कारोबार में बढ़त रही। सूचना प्रौद्योगिकी कंपनियों के शेयरों में लिवाली से भी शेयर बाजार को तेजी मिली। इस दौरान बीएसई का 30 शेयरों वाला सूचकांक 483.42 अंक की तेजी के साथ 63,583.07 अंक पर पहुंच गया जो शुरुआती कारोबार के दौरान इसका सर्वकालिक उच्च स्तर है। व्यापक एनएसई निफ्टी 129.25 अंक बढ़कर 18,887.60 पर था। सेंसेक्स में टेक महिंद्रा, इंफोसिस, एचसीएल टेक्नोलॉजीज, विप्रो, टाटा कंसल्टेंसी सर्विसेस, एचडीएफसी बैंक, लार्सन एंड टूब्रो तथा एचडीएफसी बढ़ने वाले प्रमुख शेयरों में शामिल थे।
ये भी पढ़ें:-Perfect Day ने किया स्टर्लिंग बॉयोटेक का अधिग्रहण पूरा
दूसरी ओर हिंदुस्तान यूनिलीवर, एशियन पेंट्स, महिंद्रा एंड महिंद्रा तथा एनटीपीसी में गिरावट हुई। अन्य एशियाई बाजारों में सियोल, तोक्यो, शंघाई और हांगकांग के बाजारों में तेजी थी। अमेरिकी बाजार भी बुधवार को बढ़त के साथ बंद हुए। बुधवार को बीएसई का 30 शेयरों वाला सूचकांक सेंसेक्स 417.81 अंक यानी 0.67 प्रतिशत चढ़कर 63,099.65 अंक पर बंद हुआ था। यह सेंसेक्स का नया रिकॉर्ड स्तर है और पहली बार यह 63,000 अंक के पार बंद हुआ है। कारोबार के दौरान सेंसेक्स एक समय 621.17 अंक तक उछलकर 63,303.01 अंक तक पहुंच गया था जो इसका अबतक का उच्चतम स्तर है।
नेशनल स्टॉक एक्सचेंज के सूचकांक निफ्टी ने भी तेजी के इस दौर में 140.30 अंक यानी 0.75 प्रतिशत की बढ़त दर्ज की। निफ्टी कारोबार के अंत में 18,758.35 अंक पर बंद हुआ जो इसका नया रिकॉर्ड है। अंतरराष्ट्रीय तेल सूचकांक ब्रेंट क्रूड 2.89 प्रतिशत बढ़कर 85.43 डॉलर प्रति बैरल के भाव पर था। शेयर बाजार के अस्थाई आंकड़ों के मुताबिक विदेशी संस्थागत निवेशकों (एफआईआई) ने बुधवार को शुद्ध रूप से 9,010.41 करोड़ रुपये के शेयर खरीदे।
रुपया 32 पैसे की मजबूती के साथ 80.98 पर पहुंचा
अमेरिकी डॉलर में कमजोरी के बीच गुरूवार को शुरुआती कारोबार में अमेरिकी मुद्रा के मुकाबले रुपया 32 पैसे बढ़कर 80.98 रुपये पर पहुंच गया। अमेरिका के केंद्रीय बैंक फेडरल रिजर्व ने कहा कि ब्याज दरों में वृद्धि की रफ्तार कुछ कम हो सकती है, इससे रुपये को बल मिला। अंतरबैंक विदेशी मुद्रा विनिमय बाजार में रुपया अमेरिकी डॉलर के मुकाबले 81.08 पर खुला और फिर पिछले बंद भाव से 32 पैसे की वृद्धि दर्ज करते हुए 80.98 पर आ गया।
अमेरिकी मुद्रा के मुकाबले रुपया बुधवार को 42 पैसे की मजबूती के साथ दो सप्ताह के उच्च स्तर 81.30 प्रति डॉलर पर बंद हुआ था। इस बीच छह प्रमुख मुद्राओं के मुकाबले अमेरिकी डॉलर की स्थिति को दर्शाने वाला डॉलर सूचकांक 0.27 प्रतिशत गिरकर 105.66 पर आ गया। फेडरल रिजर्व के प्रमुख जेरोम पॉवेल ने बुधवार को कहा था कि केंद्रीय बैंक ब्याज दरों में वृद्धि की रफ्तार को कम कर सकता है। वैश्विक तेल सूचकांक ब्रेंट क्रूड वायदा 2.89 फीसदी बढ़कर 85.43 डॉलर प्रति बैरल के भाव पर था।
ये भी पढ़ें:-भारत महंगाई से बेहतर ढंग से निपटने में सक्षम: सीतारमण
