मुरादाबाद : कार व दो लाख रुपये के लिए टूटने के कगार पर पहुंचा रिश्ता
वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक ने काउंसिलिंग के लिए नारी उत्थान केंद्र भेजा मामला
मुरादाबाद, अमृत विचार। दहेज में दो लाख रुपये और कार की मांग पर रिश्ता टूटने के कगार पर पहुंच गया। शादी के पांच साल बाद ससुराल वालों ने उत्पीड़न शुरू किया तो बहू बर्दाश्त नहीं कर सकी। उसने एसएसपी से गुहार लगाई। मामले की गंभीरता को देखते हुए उन्होंने नारी उत्थान केंद्र को समझौता कराने का निर्देश दिया है।
कटघर थानाक्षेत्र निवासी दीप्ति का विवाह 29 अप्रैल 2017 को मेरठ जिले के सरधना थानाक्षेत्र के गांव ख्वाजहांपुर निवासी युवक के साथ हुआ था। आरोप है कि ससुराल वाले दहेज से खुश नहीं थे। वह दहेज में कार और दो लाख रुपये की मांग करने लगे। कहते कि हमारा इकलौता पुत्र है, उसे मायके से कार व दो लाख रुपये लाकर दे।
दीप्ति ने उनकी मांग पूरी करने में असमर्थता जताई तो उत्पीड़न करने लगे। उसे भूखा रखा जाने लगा। मारपीट कर घर से बाहर निकाल देते थे। खाने में जहर देकर मारने का प्रयास किया। इस पर वह मायके आ गई।
कुछ महीने बाद रिश्तेदारों के समझाने पर ससुराल वाले उसे बुलाकर ले गए। मगर फिर से दहेज की मांग करने लगे और मारपीट कर घर से निकाल दिया। इस पर पीड़िता ने कटघर थाने में तहरीर दी। पुलिस ने 28 सितंबर को समझौता करा दिया। मगर ससुराल वाले उसे लेने नहीं आए और दहेज की मांग पर अड़े हैं।
ये भी पढ़ें:- अमरोहा : तेज रफ्तार बाइक पेड़ से टकराई, तीन दोस्तों की मौत
