निकाय चुनाव से पहले CM Yogi Adityanath देंगे Kanpur को सौगात, कई योजनाओं का करेंगे शिलान्यास व लोकार्पण
कानपुर में निकाय चुनाव से पहले सीएम योगी आदित्यनाथ का दौरा।
कानपुर में निकाय चुनाव से पहले सीएम योगी आदित्यनाथ का संभावित दौरा है। इसमें वह कई योजनाओं का शिलान्यास व लोकर्पण करेंगे। जिला प्रशासन, नगर निगम ने तैयारियां तेज कर ली है। इसमें स्पोर्ट्स कांपलेक्स समेत कई कार्य शामिल रहे है।
कानपुर, अमृत विचार। मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ नौ दिसंबर को शहर आकर 139 करोड़ रुपये के 38 विकास कार्यों की सौगात शहर वासियों को देंगे। उनका प्रस्तावित दौरा लगभग तय है। निकाय चुनाव से पहले सीएम योगी का शहर आना भाजपा के पक्ष में माहौल बनाना माना जा रहा है।
यहां वह पूरी हो चुकी योजना स्पोर्ट्स कांप्लेक्स, बोट क्लब गंगा बैराज, ग्रीनपार्क विजिटर गैलेरी समेत कई और कामों का लोकार्पण व शिलान्यास करेंगे। इसके लिए जिला प्रशासन और नगर निगम के अधिकारियों ने तैयारियां तेज कर दी हैं।
जिलाधिकारी विशाख जी अय्यर ने गुरुवार को सीएम के दौरे को लेकर कई स्थानों का निरीक्षण किया। कानपुर स्मार्ट सिटी लिमिटेड, सीएंडडीएस, नगर निगम और पीडब्ल्यूडी विभाग से कामों की सूची तैयार कराई है।
कानपुर स्मार्ट सिटी लिमिटेड (केएसएसएल) ने ब्रजेंद्र स्वरूप पार्क के पालिका स्टेडियम में अंर्तराष्ट्रीय स्तर का स्पोर्ट्स कांप्लेक्स बनवाया है। 42.44 करोड़ रुपये का यह प्रोजेक्ट सीएम की प्राथमिकता में हैं जो शहर में खेल को बढ़ावा देगा।
कांप्लेक्स के लोकार्पण के बाद यहां टेनिस, बैडमिंटन, शूटिंग, स्वीमिंग, बॉक्सिंग समेत 22 तरह से अंतर्राष्ट्ररीय खेल हो सकेंगे। इसके साथ करीब 90 करोड़ के 21 विकास कार्यों का शिलान्यास और 18 परियोजनाओं का लोकार्पण सीएम योगी करेंगे।
कारगिल पार्क में बोटिंग क्लब की तैयारियां पूरी हैं जिसे शुरू करना है। वहीं, गंगा बैराज का बोटिंग क्लब भी बनकर तैयार है, जिसे आम लोगों के लिए खोला जाना है।
इन कार्यों का लोकार्पण
ग्रीनपार्क में बैडमिंटन, टीटी हॉल, नगर निगम मुख्यालय का सुंदरीकरण, स्पोर्ट्स कांप्लेक्स, बोट क्लब गंगा बैराज, ग्रीनपार्क में विजिटर गैलेरी, पालिका स्टेडियम की बॉउंड्रीवाल, 30 स्थानों पर स्मार्ट बस स्टॉप, सिटी ई-बस अप्लीकेशन की लांचिंग, कारगिल पार्क में बोटिंग, छह पार्कों का सुंदरीकरण, वेंडर कियॉस्क, एरिया बेस डेवलपमेंट क्षेत्र में स्मार्ट लाइटें, प्रोजेक्शन मैप फूलबाग, फजलगंज ई-बस चार्जिंग स्टेशन, फेस अटेंडेंस सिस्टम, ट्रेस स्कीमर्स, स्टेबलिशमेंट ऑफ इंट्रेक्टिव डिजिटल क्लासरूम
इन कार्यों के शिलान्यास की तैयारी
बड़ा चौराहा स्थित भारत माता पार्क रामआसरे पार्क बस शेल्टर – 3.50 करोड़ से, बजरिया से चुन्नीगंज होते हुए ग्वालटोली तक स्मार्ट रोड- 2- 5 करोड़ से, कई पार्कों में ओपन जिम- 5 करोड़, सरकारी भवनों में सोलर पैनल, वीआईपी रोड का सुधार – 6 करोड़ से, नानाराव पार्क में फुटओवर ब्रिज – 4 करोड़ से, मेट्रो रूट पर लाइटें – 2 करोड़ से, पुलिस लाइन में बैडमिंटन हॉल – 50 लाख से।
सीएम योगी के संभावित दौरे को लेकर तैयारी कर रहे हैं। कई कार्यों का शिलान्यास और लोकार्पण होना है।- शिवशरणप्पा जीएन, नगर आयुक्त
