बरेली: जगतपुर पीएचसी में बदहाली के बीच हो रही कोरोना जांच
बरेली, अमृत विचार। जगतपुर पीएचसी में बदहाली के बीच स्वास्थ्यकर्मी कोरोना की जांच कर रहे हैं। पीएचसी की बदहाली कोई आज की नहीं, बल्कि दो वर्ष पूर्व स्वास्थ्य मंत्री के निरीक्षण के दौरान मिलने पर उन्होंने व्यवस्थाएं दुरूस्त करने के निर्देश दिए थे। बावजूद इसके आज तक किसी भी अधिकारी ने इसकी सुध नहीं ली …
बरेली, अमृत विचार। जगतपुर पीएचसी में बदहाली के बीच स्वास्थ्यकर्मी कोरोना की जांच कर रहे हैं। पीएचसी की बदहाली कोई आज की नहीं, बल्कि दो वर्ष पूर्व स्वास्थ्य मंत्री के निरीक्षण के दौरान मिलने पर उन्होंने व्यवस्थाएं दुरूस्त करने के निर्देश दिए थे। बावजूद इसके आज तक किसी भी अधिकारी ने इसकी सुध नहीं ली है।

पुराना शहर में स्वास्थ्य विभाग का प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्र खुद ही बीमार है। यहां अव्यवस्थाओं का बोलबाला है। आलम यह है कि पीएचसी में जहां कूड़े के ढेर लगे हुए हैं वहीं जलभराव की वजह से मरीजों और स्वास्थ्यकर्मियों को आने जाने में दिक्कतों का सामना करना पड़ता है। इन सबके बीच यहां तैनात स्वास्थ्यकर्मी कोरोना की जांच कर रहे हैं। संक्रमण के इस दौर में यहां पर संक्रमण फैलने की आशंका बनी हुई है। पीएचसी की यह दुर्दशा पहली बार नहीं है, यहां सालों से यही हाल है।

आश्चर्य तो इस बात का है कि इस पीएचसी की दुदर्शा को लेकर दो साल पहले स्वास्थ्य मंत्री सिद्धार्थनाथ ने निरीक्षण के बाद अफसरों को जमकर लताड़ लगाई थी, इतना ही नहीं उन्होंने जिम्मेदारों को पीएचसी में व्यवस्थाएं दुरूस्त करने के निर्देश दिए थे। स्वास्थ्य मंत्री के दौरे के दो साल बाद भी पीएचसी में कोई सुधार नहीं हुआ है। भवन जर्जर हालत है। बारिश के मौसम में भवन में कक्ष टपकटते हैं। ऐसे में कोरोना संदिग्ध मरीजों की जांच खुले में की जा रही है।
