Kanpur: शहर की सेहत खराब करने वाले पांच जिम्मेदारों को नोटिस, प्रशासन ने सरकारी विभागों पर की कार्रवाई

Amrit Vichar Network
Edited By Amrit Vichar
On

Kanpur News कानपुर में प्रशासन ने सरकारी विभागों पर कार्रवाई की है।

Kanpur News कानपुर की सेहत खराब करने वाले पांच जिम्मेदारों को नोटिस दिया गया है। इसमें प्रदूषण नियंत्रण बोर्ड की रिपोर्ट के आधार पर प्रशासन ने सरकारी विभागों पर कार्रवाई की गई है।

कानपुर, अमृत विचार। Kanpur News शहर की सेहत लगातार खराब होती जा रही है। इसमें केवल कसूरवार फैक्ट्रियां या आम लोग ही नहीं है, बल्कि प्रदूषण बढ़ाने में पांच सरकारी विभागों की भी बड़ी लापरवाही सामने आई है।

प्रदूषण विभाग की एक रिपोर्ट पर प्रशासन ने इस जिम्मेदारों को नोटिस जारी कर जवाब मांगा है। तीन दिन में सुधार नहीं होता है तो बड़ी कार्रवाई हो सकती है। गुरुवार को भी 229 एक्यूआई के साथ शहर की स्थिति खराब रही।

शहर की सेहत पिछले कई दिनों से खराब चल रही है। केंद्रीय प्रदूषण नियंत्रण बोर्ड जो एक्यूआई के आंकड़े जारी कर रहा है, उसमें ज्यादातर औद्योगिक नगरी का प्रदूषण 200 अंकों से ज्यादा ही सामने आता है। इस खराब स्थिति में प्रदूषण के पहुंचने की बड़ा कारण अनफिट वाहन, फैक्ट्रियों से निकलने वाला धुआं ही नहीं, बल्कि धूल-धक्कड़ की वजह से भी यह समस्या ज्यादा बनी हुई है।

शहर में धुंध छाने की इस बड़ी वजह में पांच विभागों की लापरवाही सामने आई है। शहर के विकास कार्यों में जुटे ये विभाग निर्माण कार्यों के दौरान लगातार धूल नियंत्रण में लापरवाही कर रहे हैं। खुले में मिट्टी से लेकर छिड़काव नहीं करने की लापरवाही मिली है। तीन दिन में इसमें सुधार नहीं किए जाने पर बड़ी कार्रवाई भी हो सकती है।

जाजमऊ व पनका कल्याणपुर में उड़ रही धूल

- जल निगम द्वारा सीवर लाइन डाले जाने का काम चल रहा है। जाजमऊ क्षेत्र और पनका कल्याणपुर में इस कार्य के दौरान लगातार मिट्टी खोदकर डाल दी जा रही है। पानी का छिड़काव नहीं होने से धूल उड़ रही है। परियोजना प्रबंधक को नोटिस जारी किया गया है।

 मेट्रो टीम ढककर नहीं रख रही स्मॉग गन

- मेट्रो के दूसरे चरण में चल रहे कार्य के दौरान धूल को लेकर लापरवाही सामने आई है। नौबस्ता से सर्विस रोड की ओर चल रहे कार्य के दौरान धूल का उड़ना और स्मॉग गन को ढककर नहीं रखने की लापरवाही के चलते नोटिस जारी किया गया है।

 सीईटीपी के निर्माण के दौरान लापरवाही

- जाजमऊ टेनरी इफ्लुएंट ट्रीटमेंट एसोसिएशन (जटेटा) द्वारा 20 एमएलडी का कामन इफ्लुएंट ट्रीटमेंट प्लांट (सीईटीपी) जाजमऊ में तैयार किया जा रहा है। लेकिन धूल पर कोई अंकुश नहीं है। वहीं पावर प्लांट को भी इसी लापरवाही के चलते नोटिस जारी किया गया है।

 एनएचआई अफसर दफ्तर से कर रहे मॉनिटरिंग

- एनएचएआई (भारतीय राष्ट्रीय राजमार्ग प्राधिकरण) के अधिकारी हाइवे पर उड़ती धूल को लेकर बेफिक्र हैं और दफ्तर से ही निगरानी कर रहे हैं। लगातार धूल उड़ने की आ रही शिकायतों ने जब यह पोल खोली तो इस विभाग को नोटिस जारी किया गया है।

 बेपरवाह निकला पावर प्लांट

- पावर प्लांट द्वारा कराए जा रहे कार्यों के दौरान प्रदूषण नियंत्रण को ध्यान में नहीं रखा जा रहा है। इस मामले में नोटिस जारी किया गया है।

 ये हुई सख्ती

कहां कहां हो रहे भवन निर्माण, मांगी रिपोर्ट

- प्रशासन ने संबंधित विभागों से भवन निर्माण कार्यों के बारे में जानकारी मांगी है। कानपुर विकास प्राधिकरण, नगर निगम व अन्य विभाग को जल्द यह रिपोर्ट प्रशासन को सौंपनी होगी।

आग लगाने वालों पर सर्विलांस की नजर

- रात में आग जलाकर गायब हो जाने वाले लोगों पर शिकंजा कसने के लिए नगर निगम और सर्विलांस टीम को जिम्मेदारी सौंपी गई। नगर निगम को सार्वजनिक स्थानों पर गार्ड नियुक्त करने और सर्विलांस टीम को गश्त कर ऐसे लोगों को चिन्हित करने के निर्देश दिए हैं।

हवा का तापमान गिरता है तो धूल और धुआं एक निश्चित ऊंचाई तक ही पहुंच पाता है। इसलिए इस मौसम में प्रदूषण की आशंका बढ़ जाती है। प्रशासन के माध्यम ये पांच विभाग को नोटिस जारी किया गया है। नगर निगम, पुलिस और केडीए आदि को सख्ती के लिए कहा गया है।- अमित मिश्रा, क्षेत्रीय अधिकारी प्रदूषण नियंत्रण बोर्ड

 

 

संबंधित समाचार