संभल: नगर पालिका परिषद के अध्यक्ष पद का आरक्षण घोषित
चन्दौसी, बहजोई अन्य पिछड़ा वर्ग व संभल में अनारक्षित, सामान्य वर्ग के दावेदारों में मायूसी, आरक्षण ने बिगाड़ दिए कई दिग्गजों के समीकरण, कई दावेदारों को अब बिना लड़ाई के ही मैदान छोड़ने पर होना पड़ेगा विवश
चन्दौसी/ संभल, अमृत विचार। प्रदेश के नगर विभाग अनुभाग की ओर से सोमवार शाम नगर पालिका परिषद के अध्यक्ष पद का आरक्षण जारी कर दिया गया है। चन्दौसी व बहजोई पालिका परिषद का अध्यक्ष पद अन्य पिछड़ा वर्ग के लिए घोषित हुआ है। वहीं संभल नगर पालिका परिषद का अध्यक्ष पद अनारक्षित हुआ। इससे कई दिग्गजों के समीकरण बिगाड़ दिए हैं। कई महीनों से चुनाव लड़ने के लिए तैयारी कर रहे सामान्य वर्ग के दावेदार मायूस हैं तो पिछड़ा वर्ग में खशी का माहौल है। पिछड़ा वर्ग के दावेदारों ने चुनाव प्रचार तेज कर दिया है।
शहर में नगर पालिका अध्यक्ष पद के चुनाव को लेकर लगभग छह माह से लोग तैयारी कर रहे थे। सामान्य वर्ग में सीट की उम्मीद लेकर भाजपा व सपा समर्थकों ने पूरे शहर में अपने पोस्टर-बैनर लगाए थे। पूरे दिन लोगों से संपर्क कर रहे थे। इसके अलावा टिकट पाने के लिए बड़े नेताओं के यहां हाजरी लगानी शुरू कर दी थी, अब सभी की निगाह आरक्षण सूची पर टिकी हुई थी। सोमवार को नगर निकाय चुनाव के लिए शासन ने अध्यक्ष पद के लिए आरक्षण की सूची जारी कर दी है।
इसमें शहर की नगर पालिका अध्यक्ष की सीट पिछड़े वर्ग में चली गए। सीट पिछड़े वर्ग में जाने के बाद अध्यक्ष पद के लिए चुनाव तैयारियों में जुटे कई दावेदार के समीकरण बिगाड़ गए हैं। प्रकाशित सूची के बाद बदली तस्वीर ने चुनाव तैयारियों में जुटे कई महारथियों को अब बिना लड़ाई के ही मैदान छोड़ने पर विवश होना पड़ेगा। इस बीच शहर की सियासत की तस्वीर को लेकर जगह जगह चर्चाओं का दौर चलता रहा। वहीं इससे सर्वाधिक झटका सत्तापक्ष से नजदीकियां रखने वाले सामान्य वर्ग के धुरंधरों को लगा है।
भाजपा व समाजवादी पार्टी से अध्यक्ष के के लगभग 25 दावेदार बीते कई माह से प्रचार में जुटे थे। सामान्य वर्ग के लोगों का चुनाव लड़कर चेयरमैन बनने का सपना अधूरा रह गया। चन्दौसी में आरक्षण देख पिछड़े वर्ग से दावेदारी कर रहे भाजपा के गिरीश बंधु, राजकुमार ठाकरे, राजकुमार यादव, डॉ. टीएस पाल, चौधरी चंद्र पाल सिंह, सचींद्र यादव, गजराज सिंह व सपा से शानू वारसी, संगीता यादव, हरवीर यादव, विमल चौधरी की भतीजे की पत्नी प्रियका आदि के चेहरे खिले हैं।
व्यापार मंडल ने जताया रोष
चन्दौसी। भारतीय उद्योग किसान व्यापार मंडल के जिला अध्यक्ष सागर गुप्ता ने नगर पालिका अध्यक्ष के आरक्षण का विरोध किया। उनका कहना है कि उच्च जाति के साथ अन्नयाय है। लंबे अरसे से विधानसभा सीट अनुसूचित जाति में है। अब नगर पालिका की सीट भी अन्य पिछड़ा वर्ग में कर दी गई है। जिससे सामान्य वर्ग आहत है और आरक्षण को लेकर अपनी आपत्तियां दर्ज कराने का निर्णय लिया है। अगर आरक्षण में बदलाव नहीं किया गया तो चुनाव आयोग उनके वोट डालने का अधिकार भी खत्म कर दिया जाए।
ये भी पढ़ें:- संभल: कीटनाशक मिला पानी पीने से बेहोश हुआ था काला हिरन
