Kanpur News: 85 फीसदी परिषदीय छात्रों ने ओएमआर शीट पर दी परीक्षा, 59 अधिकारी रहे तैनात
परीक्षा को सफलता पूर्वक कराने के लिए 59 अधिकारियों ने अलग-अलग स्कूलों का किया निरीक्षण।
परिषदीय स्कूलों में सोमवार को निपुण मूल्यांकन परीक्षा (नैट) का आयोजन किया गया। जिसमें 15 फीसदी छात्रों ने परीक्षा छोड़ दी।
कानपुर, अमृत विचार। जिले के परिषदीय स्कूलों में सोमवार को निपुण मूल्यांकन परीक्षा (नैट) आयोजित हुई। दो पालियों में 1787 स्कूलों में आयोजित हुई परीक्षा में 85 फीसदी छात्र-छात्राओं ने हिस्सा लिया। 1.62 लाख बच्चों में लगभग 1.30 हजार बच्चे ही शामिल हुए। 15 फीसदी ने परीक्षा छोड़ दी। परीक्षा को सफलता पूर्वक कराने के लिए 59 अधिकारियों ने अलग-अलग स्कूलों को निरीक्षण कर परीक्षा को जांचा। कक्षा के एक से तीन तक के बच्चों से शिक्षकों ने पूछ-पूछकर ओएमआर शीट भरी। जबकि, चार से आठ तक के बच्चों ने स्वयं ओएमआर शीट पर जवाब भरे।
सोमवार को प्रदेश के सभी परिषदीय विद्यालयों मे नैट परीक्षा का आयोजन किया गया। बेसिक शिक्षा अधिकारी सुरजीत कुमार ने बताया कि स्कूलों में तय समय से परीक्षा शुरू हुई। परीक्षा पूरी तरह से सफल रही है। कुछ बच्चों की उपस्थिति दर्ज नहीं हुई है जिसका कारण पता किया जाएगा। खंड विकास अधिकारी हिमांशु गुप्ता ने शिवराजपुर के भौसाना प्राथमिक विद्यालय, कम्पोजिट विद्यालय बिकरू, भीटी, दिलीपनगर, कम्पोजिट विद्यालय बसेन का निरीक्षण किया। कम्पोजिट विद्यालय बिकरू में 163 बच्चों में 105 बच्चों ने सफल परीक्षा दी। बसेम में 265 में 209 ने हिस्सा लिया। वहीं, सहायक विकास अधिकारी सुरेश कुमार ने कम्पोजिट विद्यालय उत्तरी, प्राथमिक विद्यालय चेतपुरवा औरा डोडवा में निपुण परीक्षा का पर्यवेक्षण किया। तहसील सदर के पूर्ति निरीक्षण प्रदीप कुमार मिश्रा ने कल्याणपुर के कछार, लुघौरी सिंहपुर में निरीक्षण किया। इसी तरह सहायक विकास अधिकारी अतुल शुक्ला ने कल्याण पुर के पकरी, चकरपुर समेत पांच विद्यालयों का निरीक्षण किया यहां प्राथमिक विद्यालय पकरी और प्राथमिक विद्यालय कटराघनश्याम में शतप्रतिशत बच्चों ने परीक्षा दी।
बिल्हौर ब्लाक मे 84 फीसदी बच्चों की उपस्थिति
बिल्हौर। खण्ड शिक्षा अधिकारी कमलेश गुप्ता ने बताया कि ककवन विकास खण्ड क्षेत्र के 76 परिषदीय विद्यालयों के कक्षा 1 से 8 तक के बच्चों ने प्रतिभाग किया। कक्षा 1 से 3 तक प्रथम पाली एवं 4 से 8 तक द्वितीय पाली में परीक्षा आयोजित हुयी कुल 7176 के सापेक्ष 5782 बच्चों ने परीक्षा दी। प्रतिशत लगभग 80 रहा। विद्यालयों में निकट के विद्यालयों के शिक्षकों की पर्यवेक्षक के रूप नियुक्ति की गई ब्लॉक संशाधन केंद्र पर कंट्रोल रूम की स्थापना की गई जिसमें शिक्षकों की समस्याओं का समाधान किया गया। वहीं बिल्हौर ब्लाक के 84 फीसदी छात्रों की उपस्थित के साथ के लगभग 171 परिषदीय विद्यालय के लगभग 14 हजार छात्र - छात्राओं ने भाग लिया खण्ड शिक्षा अधिकारी रवि कुमार ने बताया कि सभी नोडल के सहयोग से परीक्षा सफल संपन्न करायी गई।
