संभल: मुठभेड़ के दौरान 50 हजार रुपए का ईनामी बदमाश गिरफ्तार 

Amrit Vichar Network
Edited By Amrit Vichar
On

अमृत विचार संभल। चैकिंग के दौरान कार को रोकने पर उसमें बैठे 50 हजार रुपए के इनामी बदमाश ने पुलिस पर फायरिंग कर दी। पुलिस की जवाबी कार्रवाई में बदमाश के पैर में गोली लग गई। जबकि बदमाश की गोली लगने से एक पुलिस कर्मी घायल हो गया। पुलिस ने बदमाश व पुलिस कर्मी को उपचार के लिए जिला अस्पताल में भर्ती कराया। पुलिस ने बदमाश के पास से एक तमंचा कारतूस और एक कार बरामद की।

 मंगलवार को थाना नखासा पुलिस मंगलवार को संभल हसनपुर मार्ग पर मंडलाई बाईपास के पास वाहनों की चैकिंग अभियान चला रही थी। चैकिंग के दौरान शाम को पुलिस को एक कार आती दिखाई दी। पुलिस ने जैसे ही चैकिंग करने के लिए चालक से कार को रोकने का इशारा किया। उसमें बैठे बदमाश ने पुलिस टीम पर फायरिंग कर दी। जिससे बदमाश की गोली लगने से एक पुलिस कर्मी घायल हो गया।

जवाबी कार्रवाई में पुलिस की गोली पैर में लगने से बदमाश घायल हो गया। पुलिस ने दोनों को उपचार के लिए जिला अस्पताल भिजवाया। मुठभेड़ की सूचना मिलने पर एसपी चक्रेश मिश्र, एएसपी श्रीशचंद, क्षेत्राधिकारी जितेंद्र सिंह पुलिस बल के साथ मौके पर पहुंचे। एसपी ने बताया कि बदमाश कासिफ पुत्र आसिफ संभल के मोहल्ला दीपासराय का रहने वाला है। बदमाश ने दबिश के दौरान अभियुक्त रिजवान को छत से भगाने का प्रयास किया था और पुलिस को रोकने के लिए उस पर पथराव किया था। जिसमें तीन पुलिस कर्मी घायल हो गए थे।

पुलिस ने 10 नामजद और 15 अज्ञात लोगों के खिलाफ मुकदमा दर्ज किया था। पुलिस 9 लोगों को पहले ही गिरफ्तार कर जेल भेज चुकी है। कासिफ और रिजवान की तलाश में पुलिस जगह जगह छापेमारी कर रही थी। पकड़ में नहीं आने पर दोनों अभियुक्तों पर 25-25 हजार रुपए की ईनाम घोषित किया था।

गिरफ्तार नहीं होने पर पुलिस ने ईनाम की राशि को बढ़ाकर पचास पचास हजार रुपए कर दिया था। जिसमें कासिफ को पुलिस चैकिंग के दौरान मुठभेड़ में गिरफ्तार कर लिया गया है। वहीं कार में बैठा उसका एक साथी मौके से फरार हो गया। जिसकी जगंल में कोबिंग कर तलाश की जा रही है। पुलिस ने बदमाश के पास से एक तमंचा कारतूस और एक कार बरामद की है।

संबंधित समाचार