Ronil Murder Case: रोनिल के हत्यारों के करीब पहुंची पुलिस, छात्रा और प्रेमी से पूछताछ में चौंकाने वाले खुलासे आए सामने
Ronil Murder Case कानपुर में रोनिल के हत्यारोपियों के पुलिस करीब पहुंची है।
Ronil Murder Case कानपुर के चर्चित रोनिल हत्याकांड के पुलिस करीब पहुंच गई है। पुलिस रोनिल के साथ पढ़ने वाली छात्रा और उसके प्रेमी को हिरासत में लेकर पूछताछ कर रही है। बुधवार को पुलिस हत्याकांड का खुलासा कर सकती है।
कानपुर, अमृत विचार। श्याम नगर डी ब्लॉक के रहने वाले वीरेंद्र स्वरूप एजुकेशन सेंटर के इंटर के छात्र रोनिल सरकार की हत्या के 36 दिन बीतने के बाद अब उनके माता-पिता को इंसाफ मिल जाएगा। संयुक्त पुलिस आयुक्त आनंद प्रकाश तिवारी की नई टीम और बेंगलुरु से शहर पहुंची विशेषज्ञों की टीम को कई अहम सबूत मिल गए हैं।
पुलिस सूत्रों ने बताया कि रोनिल हत्याकांड का खुलासा काफी चौंकाने वाला होगा। सूत्रों ने बताया कि त्रिकोणीय प्रेम में ही रोनिल को मौत के घाट उतारा गया। रोनिल के साथ पढ़ने वाली एक छात्रा और उसके प्रेमी को पुलिस ने हिरासत में ले लिया है, और बड़ी गहनता से पूछताछ कर रही है।
सूत्रों ने बताया कि एक या दो दिन में पुलिस खुलासा कर देगी। जिससे बेटे के इंसाफ के लिए भटक रहे परिजनों को लंबे समय के बाद इंसाफ मिल जाएगा। बता दें कि इससे पहले इस घटना के खुलासे के लिए पुलिस कमिश्नर बीपी जोगदंड ने तेज तर्रार आईपीस को लगाया था, लेकिन उन्हें कुछ हासिल नहीं हो सका।
हाल ही में संयुक्त पुलिस आयुक्त ने नई टीम को हत्याकांड के पर्दाफाश में लगाया था, जिसमें पांच आईपीएस अफसर शामिल हैं। नई टीम ने संदेह के आधार पर कई लोगों को हिरासत में लेकर पूछताछ की है और दावा है कि कुछ नए तथ्य प्रकाश में आए हैं।
हालांकि पुलिस नए तथ्यों के बारे में अभी कुछ भी बात नहीं कर रही है। लेकिन सूत्रों ने बताया कि खुलासा के काफी करीब पहुंच चुकी है, जल्द वर्कआउट कर दिया जाएगा।
