मुलायम समेत आठ सदस्यों को श्रद्धांजलि, 12 बजे तक स्थगित हुई लोकसभा की कार्यवाही
नई दिल्ली। लोकसभा ने बुधवार को उत्तर प्रदेश के पूर्व मुख्यमंत्री मुलायम सिंह यादव और आठ पूर्व दिवंगत सदस्यों को श्रद्धांजलि देने के बाद सदन की कार्यवाही दोपहर 12 बजे तक के लिए स्थगित कर दी।
लोकसभा अध्यक्ष ओम बिरला ने बुधवार को संसद के शीतकालीन सत्र के पहले दिन सदन की कार्यवाही आरंभ होने पर मुलायम सिंह यादव और आठ पूर्व सदस्यों के निधन के बारे में सूचित किया।
उन्होंने मुलायम सिंह यादव के राजनीतिक जीवन का उल्लेख किया। उन्होंने ने कहा, मुलायम सिंह यादव के सरल व्यक्तित्व के कारण उनकी लोकप्रियता सभी दलों में थी। अनुभवी नेता होने के कारण उनका मार्गदर्शन सदन को हमेशा मिलता रहा समाजवादी पार्टी के वरिष्ठ नेता मुलायम सिंह यादव मौजूदा लोकसभा के सदस्य थे।
उनका 10 अक्टूबर को गुरुग्राम के एक निजी अस्पताल में निधन हो गया था। लोकसभा अध्यक्ष ने आठ पूर्व सदस्यों के जे सुंदर लाल, देबी घोषाल, रूपचंद पाल, गोविंद चंद्र नस्कर, थान सिंह जाटव, माणिक राव गावित, जयंती पटनायक और जी कृष्णा के निधन के बारे में भी सदन को सूचित किया।
इसके बाद सदन ने कुछ देर मौन रखकर दिवंगत नेताओं को श्रद्धांजलि दी। उसके बाद सदन की कार्यवाही दोपहर 12 बजे तक के लिए स्थगित कर दी।
यह भी पढ़ें : जम्मू में देर रात तवी नदी पर बने एक पुल के पास आई विस्फोट जैसी आवाज , जांच शुरू
