अमेरिका ने नाटो सहयोगी पोलैंड को अब्राम्स टैंक बेचने की दी मंजूरी

Amrit Vichar Network
Edited By Amrit Vichar
On

वाशिंगटन। अमेरिका के राष्ट्रपति जो बाइडेन के प्रशासन ने उत्तर अटलांटिक संधि संगठन (नाटो) के अपने सहयोगी पोलैंड को करीब चार अरब डॉलर के उन्नत टैंक, अन्य लड़ाकू वाहनों और हथियारों की बिक्री को मंगलवार को मंजूरी दे दी। विदेश मंत्रालय के अनुसार, उसने पोलैंड को 116 एम1ए1 अब्राम युद्धक टैंक और अन्य उपकरण खरीदने की अनुमति दी गई है, जिसमें लगभग 3.75 अरब अमेरिकी डॉलर मूल्य के विभिन्न गोला-बारूद शामिल हैं। 

मंत्रालय ने कहा कि उसने सहयोगी देश दक्षिण कोरिया को 1.5 अरब अमेरीकी डॉलर के चिनूक हेलीकॉप्टर की बिक्री को भी मंजूरी दे दी है। मंत्रालय के अनुसार, दोनों मंजूरी अमेरिकी राष्ट्रीय सुरक्षा हितों के तहत दी गई है। इससे रूस तथा उत्तर कोरिया से खतरों का सामना कर रहे किसी भी क्षेत्र में बुनियादी सैन्य संतुलन नहीं बदलेगा। मंत्रालय ने एक बयान में कहा कि पोलैंड द्वारा अब्राम टैंक की खरीद ‘‘नाटो सहयोगी की सुरक्षा में सुधार करके अमेरिका की विदेश नीति के लक्ष्यों और राष्ट्रीय सुरक्षा उद्देश्यों का समर्थन करेगी, जो यूरोप में राजनीतिक स्थिरता व आर्थिक प्रगति के लिए सहायक है।’’ 

अमेरिका ने ताइवान को दो नए महत्वपूर्ण हथियारों की बिक्री की मंजूरी दी

अमेरिका के राष्ट्रपति जो बाइडन के प्रशासन ने ताइवान को दो नए महत्वपूर्ण हथियारों की बिक्री की मंगलवार को मंजूरी दे दी। इस कदम से चीन के नाराज होने की पूरी संभावना है। अमेरिकी विदेश मंत्रालय के अनुसार, ताइवान के एफ-16 लड़ाकू विमानों के बेड़े, जी-130 परिवहन विमानों और अमेरिका द्वारा आपूर्ति किए जाने वाली अन्य हथियार प्रणालियों का समर्थन करने के लिए 42.5 करोड़ डॉलर से अधिक के अतिरिक्त विमान पुर्जों की बिक्री को मंजूरी दे दी गई है। 

इंडोनेशिया में अमेरिकी राष्ट्रपति जो बाइडन और चीन के राष्ट्रपति शी चिनफिंग के बीच हुई आमने-सामने की मुलाकात के महज दो सप्ताह बाद ही यह घोषणा की गई है। गौरतलब है कि चीन का दावा है कि ताइवान उसका हिस्सा है और वह विदेशी अधिकारियों की ताइवान यात्रा का विरोध करता है। अमेरिका की प्रतिनिधि सभा की अध्यक्ष नैन्सी पेलोसी के अगस्त में ताइवान की यात्रा करने के बाद दोनों देशों के बीच संबंध और खराब हो गए थे। चीन ने इसे उकसाने वाला कदम करार दिया था और जवाब में स्व-शासित द्वीप ताइवान के आसपास कई सैन्य अभ्यास किए थे।

ये भी पढ़ें:- सऊदी प्रिंस को मिली राहत, अमेरिका की अदालत ने हत्या के मुकदमे को किया खारिज

संबंधित समाचार