अमरोहा: ट्रक की टक्कर से बाइक सवार किसान की मौत, महिला घायल
अमरोहा, अमृत विचार। संभल के एक गांव से रिश्तेदारी से लौट रहे बाइक सवार किसान को ट्रक ने रौंद दिया। हादसे में किसान की मौत हो गई, जबकि एक महिला घायल हो गई। घायल का मुरादाबाद के एक अस्पताल में उपचार चल रहा है।
कोतवाली क्षेत्र के गांव ओसामाफी निवासी विजयपाल (42 ) बुधवार को संभल में थाना असमोली के एक गांव से गमी में शामिल होकर वापस अपने गांव लौट रहा था।
इस दौरान जैसे ही उसकी बाइक असमोली-जोया मार्ग पर मनोटा पुल के नजदीक पहुंची तो पीछे से आ रहे ट्रक ने उनकी बाइक में टक्कर मार दी। जिससे किसान विजयपाल की मौके पर ही मौत हो गई। वहीं, उनकी बाइक पर बैठी गांव निवासी महिला प्रवेश देवी गंभीर रूप से घायल हो गई। ट्रक चालक मौके से फरार हो गया। सूचना मिलते ही पुलिस भी मौके पर पहुंच गई।
पुलिस ने किसान के शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया था। उधर, घायल महिला को मुरादाबाद के एक निजी अस्पताल में भर्ती कराया गया है। देर रात किसान का शव पोस्टमार्टम के बाद गांव लाया गया। शव के गांव में पहुंचते ही परिजनों में कोहराम मच गया। ग्रामीणों ने बताया कि मृतक अपने पीछे तीन बेटे तथा एक बेटी के अलावा पत्नी को रोता बिलखता छोड़ गया है।
ये भी पढ़ें:- सोनिया गांधी रणथम्भौर में मनाएंगी अपना जन्मदिन, राहुल की यात्रा में होंगी शामिल
