अमरोहा : देवी के दर्शन कराने के नाम पर महिला से ठगी, जांच में जुटी पुलिस
ठगी की घटना की जांच पड़ताल करती पुलिस
अमरोहा/हसनपुर, अमृत विचार। बच्चे की दवा लेने आई महिला को देवी दर्शन कराने के नाम पर दो युवकों ने ठग लिया। घटना की सूचना पर कोतवाली पुलिस मौके पर पहुंची और पीड़ित महिला से जानकारी की।
सैदनगली थाना क्षेत्र के गांव सौहत निवासी रिंकी पत्नी धर्मेंद्र अपनी नंद मिथलेश के साथ गुरुवार को नगर स्थित एक चिकित्सक की दुकान पर दवा लेने आई थी। मोहल्ला मनापुर स्थित एक टॉकीज के पास वह अपने देवर को बुलाने के लिए मोबाइल से बात कर रही थी।
तभी दो युवक आए और पता पूछने करने लगे, जिस पर रिंकी ने कहा कि वह बाहर की रहने वाली है उसे नहीं पता। फिर युवकों ने महिला को परेशान होने की बात कहकर उसके कुंडल, पाजेब एवं 3000 रुपये पर्स में रखवा कर कहा कि अपने ऊपर से उतारा करके चौराहे पर फेंकने पर देवी के दर्शन होने की बात कही।
महिला आंबेडकर चौराहा तक आई और पीछे देखा तो दोनों युवक गायब थे। महिला से ठगी होने की सूचना मिलते ही कोतवाली पुलिस मौके पर पहुंची और पीड़ित महिला से जानकारी कर जांच पड़ताल में जुट गई।
ये भी पढ़ें:- अमरोहा: ट्रक की टक्कर से बाइक सवार किसान की मौत, महिला घायल
