मेडिकल कॉलेजों की गुणवत्ता पर नजर रखने के लिये कमान एवं नियंत्रण प्रणाली स्थापित की गई : मांडविया 

Amrit Vichar Network
Edited By Amrit Vichar
On

लोकसभा में एआईएमआईएम सदस्य इम्तियाज जलील के पूरक प्रश्न के उत्तर में मांडविया ने बताया कि इस व्यवस्था के तहत एनएमसी में 16 कैमरे लगाकर मेडिकल कॉलेजों की व्यवस्था पर नजर रखी जा रही है।

नई दिल्ली। स्वास्थ्य एवं परिवार कल्याण मंत्री मनसुख मांडविया ने शुक्रवार को बताया कि मेडिकल कॉलेजों की गुणवत्ता में सुधार एवं उनकी व्यवस्था पर नजर रखने के लिये राष्ट्रीय चिकित्सा आयोग (एनएमसी) में कमान एवं नियंत्रण प्रणाली स्थापित की गई है।

ये भी पढ़ें:-गुजरात से 2024 के लिए भाजपा की संभावना मजबूत हुई, हिमाचल ने कांग्रेस को दी उम्मीद 

लोकसभा में एआईएमआईएम सदस्य इम्तियाज जलील के पूरक प्रश्न के उत्तर में मांडविया ने बताया कि इस व्यवस्था के तहत एनएमसी में 16 कैमरे लगाकर मेडिकल कॉलेजों की व्यवस्था पर नजर रखी जा रही है। इसमें यह देखा जा रहा है कि किसी मेडिकल कॉलेज के गेट पर कितने लोग हैं, ओपीडी में कितने मरीज हैं, परिसर के अंदर कितने मरीज हैं, कितने शिक्षक हैं और किस प्रकार की देखरेख हो रही है। 

स्वास्थ्य एवं परिवार कल्याण मंत्री ने कहा कि किसी मेडिकल कॉलेज की जांच साल में एक बार करने और उसके आधार पर रिपोर्ट देने की व्यवस्था को हमने बदल दिया है। उन्होंने कहा कि एनएमसी में नयी व्यवस्था के बाद मानदंड नहीं पूरा करने वाले कुछ कॉलेजों को बंद किया गया है और कुछ पर आगे कार्रवाई की जाएगी। 

मांडविया ने कहा कि जिन मेडिकल कॉलेजों के पास उचित व्यवस्था नहीं हो और शिक्षक उपलब्ध नहीं हों, उन्हें मेडिकल कॉलेज नहीं चलाना चाहिए, चाहे वे निजी मेडिकल कॉलेज क्यों न हों। मंत्री ने कहा कि गुणवत्तापूर्ण मेडिकल शिक्षा और दक्ष चिकित्सक सरकार की प्राथमिकता है और इस दिशा में पूरी प्रतिबद्धता के साथ काम किया जा रहा है।

ये भी पढ़ें:-कश्मीरी पंडितों के लिए जम्मू कश्मीर विधानसभा में हो सीट आरक्षित : सुशील मोदी 

संबंधित समाचार