Unnao News : 10 हजार से अधिक बच्चों पर मंडरा रहा निमोनिया का खतरा, नहीं लग पा रही पीसीवी वैक्सीन

Amrit Vichar Network
Edited By Amrit Vichar
On

Unnao News उन्नाव में बच्चों को नहीं लग पा रही पीसीवी वैक्सीन।

Unnao News उन्नाव में 10 हजार से अधिक बच्चों को निमोनिया का खतरा मंडरा रहा है। दो साल से उम्र के बच्चों को पीसीवी वैक्सीन नहीं लग पा रही है।

उन्नाव, अमृत विचार। Unnao News निमोनिया से बचाव के लिए जरूरी न्यूमोकोकल कान्ज्यूगेट वैक्सीन (पीसीवी) का स्टाक जिले में खत्म हो गया है। बीते एक सप्ताह से दो साल से कम उम्र के बच्चों को वैक्सीन नहीं लग पा रही है। शुक्रवार को जिला अस्पताल के बूथ से बड़ी संख्या में अभिभावकों को बैरंग लौटा दिया गया।

वैक्सीन कब लगाई जाएगी इसका जवाब स्वास्थ्य कर्मियों के पास नहीं है। समय से वैक्सीन न लगने से दो साल से कम उम्र के बच्चों पर निमोनिया का खतरा मंडरा रहा है। 

उन्नाव में बीते करीब एक माह से पीसीवी वैक्सीन की किल्लत बनी हुई है। ऐसे में विभाग द्वारा चलाया जा रहा टीकाकरण कार्यक्रम प्रभावित हो रहा है। एक सप्ताह पूर्व वैक्सीन की करीब 10 हजार डोज जिले को मिली थीं। जिन्हें जिला अस्पताल सहित अन्य बूथों पर भेजा गया था। हालांकि यह डोज कुछ दिनों में ही खत्म हो गई।

शुक्रवार को वैक्सीन न होने से जिला महिला अस्पताल के बूथ पर बच्चों को निमोनिया से बचाव के लिए पीसीवी का टीका नहीं लग सका। यही हाल अन्य ब्लाक स्तरीय अस्पताल व अन्य स्वास्थ्य केंद्रों का भी रहा। जानकारों ने बताया कि जिले में करीब 10 हजार ऐसे बच्चे हैं जिन्हे टीका नहीं लग सका।

समय से टीका न लगने और सर्दी का मौसम होने से ऐसे बच्चों पर निमोनिया का खतरा बढ़ गया है। इसे लेकर स्वास्थ्य अधिकारियों ने दावा किया कि जल्द ही स्टाक आने की उम्मीद है। स्टाक आते ही टीकाकरण शुरू होगा। टीकाकरण प्रभारी डाक्टर जेआर सिंह ने बताया कि आपूर्ति प्रभावित होने से वैक्सीन नहीं लग पा रही है।

संबंधित समाचार