रिश्वत से मुझे नफरत, कोई मांगे तो मुझे फोन पर बताएं :सांसद
सांसद मेनका ने विशेष कैंप में 901 गरीबों को बांटे पीएम आवास के स्वीकृत पत्र
अमृत विचार, सुल्तानपुर। पूर्व केंद्रीय मंत्री व सांसद मेनका संजय गांधी ने शुक्रवार को अपने दौरे के दूसरे दिन लंभुआ एवं कादीपुर विधानसभा क्षेत्र में आयोजित दर्जनभर कार्यक्रमों में हिस्सा लिया। श्रीमती गांधी ने लंभुआ में आयोजित सामूहिक विवाह कार्यक्रम में ब्लॉक प्रमुख कुंवर बहादुर सिंह की उपस्थित में 66 नवदंपतियों को आशीर्वाद दिया। श्रीमती गांधी ने योगी सरकार की सामूहिक विवाह योजना की जमकर तारीफ की।
इसके बाद सांसद ने पीपी कमैचा विकास खंड में 901 लाभार्थियों को प्रधानमंत्री आवास बनाए जाने का स्वीकृत प्रमाण पत्र वितरित किया। सांसद के निर्देश पर ब्लॉकों में एक दिन का विशेष प्रशिक्षण कैंप लगाकर पात्रों को पीएम आवास के स्वीकृत प्रमाण पत्र बांटे जा रहे हैं। श्रीमती गांधी ने पीएम आवास के लाभार्थियों को स्वीकृति पत्र देने के दौरान कहा कि मुझे रिश्वत से सख्त नफरत है। उन्होंने कहा गरीबों के हक की योजनाओं में किसी दलाल व बिचौलिए का कोई स्थान नहीं है।
उन्होंने कहा यदि कोई भी कर्मचारी या ग्राम प्रधान लाभार्थियों से सुविधा शुल्क मांगता तो हमको फोन पर सीधे बताए।उसके विरुद्ध सुख्त विधिक कार्रवाई की जाएगी। उन्होंने बताया जिले में एक लाख 40 हजार लाभार्थी प्रधानमंत्री आवास योजना के लिए पात्र पाए गए थे। जिसके सापेक्ष 90,000 लोगों को इसका लाभ दिया जा चुका है। उन्होंने बताया कि नई सूची में कुल 11 हजार 835 लाभार्थी का चयन किया गया है। जिसमें से पीपी कमैचा में आज 901 लाभार्थियों को सांसद द्वारा स्वीकृति प्रमाण पत्र वितरित किया गया। उन्होंने बताया कि पीएम आवास के साथ लाभार्थियों को निःशुल्क बिजली व गैस कनेक्शन, शौचालय,आयुष्मान कार्ड का भी लाभ प्रदान किया जाएगा।
निकाय चुनाव का फूंका बिगुल
सांसद ने लंभुआ, कोइरीपुर एवं कादीपुर नगर पंचायत में निकाय चुनाव का बिगुल फूंका। उन्होंने पार्टी कार्यकर्ताओं के बीच हुए जनसंवाद के दौरान स्वच्छ व ईमानदार छवि के प्रत्याशियों के चयन करने की बात कही। उन्होंने पार्टी कार्यकर्ताओं से निकाय चुनाव में ऐतिहासिक जीत के लिए अभी से जुटने का आह्वान किया। सांसद मेनका संजय गांधी ने कहा कि गुजरात में हुए विधानसभा चुनाव में सातवीं बार विजय होने पर प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी जी का सिर एक बार फिर सर गर्व से ऊंचा हुआ है। गांधी ने कहा कि नगर निकाय चुनाव में ठेका पट्टी करने वाले प्रत्याशियों को बाहर का रास्ता दिखाया जाएगा।
हरिकेश के गांव पहुंचकर बंधाया ढ़ांढस
शुक्रवार को दौरे के दूसरे दिन सांसद मेनका गांधी ने नीलांचल ट्रेन हादसे के शिकार हुए भाजपा बूथ अध्यक्ष हरिकेश दूबे के पैतृक गांव चांदा थाने के गोपीनाथपुर पहुंचीं। परिवार जाकर परिजनों से मुलाकात कर ढांढस बंधाया और उनको हर संभव मदद का भरोसा दिया। मीडिया प्रभारी विजय सिंह रघुवंशी ने बताया की सांसद ने सवेरे जनता दरबार लगाकर सैकड़ों लोगों की समस्याओं का निस्तारण किया। इसके बाद उन्होंने दरियापुर स्थित डिवाइडर पर पौधरोपण भी किया। विभिन्न कार्यक्रमों में प्रमुख रूप से प्रतिनिधि रणजीत कुमार, परियोजना निदेशक पीके पांडेय, जिला महामंत्री विजय त्रिपाठी,ब्लाक प्रमुख कुॅवर बहादुर सिंह, विजय सिंह रघुवंशी, सुषमा जयसवाल, शशिकांत पाण्डेय, संजय सरोज,डॉ सुजीत सिंह, सुधीर साहू, अखिलेश प्रताप सिंह ,अरुण जायसवाल, राजेश चतुर्वेदी, शेर बहादुर सिंह आदि मौजूद रहे।
कुड़वार व बल्दीराय में कई कार्यक्रम
मीडिया प्रभारी विजय सिंह रघुवंशी ने बताया कि सांसद शनिवार को कुड़वार व बल्दीराय ब्लाक में पात्रों को पीएम आवास का स्वीकृत पत्र देंगी। श्रीमती गांधी 2ः30 बजे पूर्वांचल एक्सप्रेस वे होते हुए दिल्ली के लिए रवाना होंगी।
ये भी पढ़ें- हरदोई: मेडिकल कालेज के सिक्योरिटी गार्डों ने की मारपीट, वीडियो वायरल
