Chitrakoot News : गोवंशों को ग्रामीणों ने तहसील परिसर में किया बंद, एसडीएम बोले- आपराधिक तत्वों ने उड़ाई थी अफवाह

Amrit Vichar Network
Edited By Amrit Vichar
On

Chitrakoot News चित्रकूट में गोवंशों को ग्रामीणों ने तहसील परिसर में बंद किया है।

Chitrakoot News चित्रकूट में गोवंशों को ग्रामीणों ने तहसील परिसर में बंद कर दिया है। एसडीएम ने ग्रामीणों को समझाकर कर्मचारियों की मदद से मवेशियों को बाहर निकाला है।

चित्रकूट, अमृत विचार। Chitrakoot News अन्ना मवेशियों के संबंध में शासन चाहे जितने निर्देश जारी करे, प्रशासन चाहे कितने आदेश दे पर जमीनी हकीकत इससे बहुत जुदा है। गांवों में गोशालाओं की पर्याप्त व्यवस्थाएं न होने से अन्ना मवेशी खेतों में फसल के दुश्मन बने हुए हैं।

शनिवार देर शाम किसान अन्ना मवेशियों से इतने आजिज आ गए कि उन्होंने इनको खदेड़कर तहसील परिसर के अंदर बंद कर दिया। हालांकि बाद में एसडीएम नवदीप शुक्ला ने ग्रामीणों को समझाया और कर्मचारियों की मदद से मवेशियों को बाहर किया।

शनिवार शाम मऊ तहसील के मौजा शेषा सुबकरा के मजरा शिवपुर के किसानों ने लगभग दो सौ अन्ना मवेशियों को खदेड़कर तहसील परिसर में बंद कर दिया। इससे हड़कंप मच गया। सूचना जब एसडीएम तक पहुंची तो उन्होंने ग्रामीणों को समझाया और नगर पंचायत कर्मचारियों से मवेशियों को बाहर कराया।

गौरतलब है कि मऊ को नगर पंचायत का हाल ही में दर्जा मिला है और एसडीएम ही इसके प्रशासक हैं। गांव के निवासी मिठाई लाल,रमाशंकर, अवधेश, सोमनाथ, अशोक, बृजनंदन आदि ने बताया कि वे लोग मवेशियों की दिक्कत की बात जिलाधिकारी तक को पत्र लिखकर बता चुके हैं पर कोई सुनवाई नहीं की गई। संपूर्ण समाधान दिवस में भी प्रार्थनापत्र दिया जा चुका है और सीएम कार्यालय तक इस संबंध में पत्र भेजा जा चुका है।  

जमीन दिए जाने के बाद भी नहीं बन रही गोशाला

गांव के लोगों ने बताया कि उन लोगों ने गांव के पास अपनी जमीन भी गोशाला के लिए दी है पर अब एसडीएम बजट न होने की बाद कहकर गोशाला नहीं बनवा रहे। किसान क्या करे फांसी लगाए। रात भर किसानों को खेत ताकना पड़ता है और इसके बाद भी मायूसी हाथ लगती है।

एसडीएम बोले, ग्रामीणों को बरगलाया गया

उधर, एसडीएम नवदीप शुक्ला ने बताया कि गांव के कुछ आपराधिक किस्म के लोगों ने यह अफवाह उड़ा दी थी कि नगर पंचायत में अन्ना मवेशियों को बंद कराया जा रहा है। ऐसे में गांव के लोग लगभग शाम चार बजे इनको खदेड़कर यहां ले आए थे। ये अपने साथ स्कूली बच्चों को भी लिए थे। उन्होंने बताया कि तहसील परिसर में तब भीड़भाड़ थी और कोई भी दुर्घटना हो सकती थी।

इस हरकत के लिए शिवपुर और मऊ के कुल सात लोगों के खिलाफ नामजद रिपोर्ट दर्ज कराई गई है। उन्होंने बताया कि कुछ लोग अपने पालतू जानवरों को भी छोड़ देते हैं, जिससे किसानों को दिक्कत होती है। ऐसे लोगों को चिह्नित किया जा रहा है। गोवंशों को भी संरक्षित किया जा रहा है।

संबंधित समाचार