ईरान में प्रदर्शनकारी को दी फांसी, सजा ए मौत का दूसरा मामला

Amrit Vichar Network
Edited By Amrit Vichar
On

दुबई। ईरान ने विरोध प्रदर्शनों के दौरान कथित अपराधों के लिए हिरासत में लिए गए एक और कैदी को सोमवार को फांसी दे दी। ईरान की समाचार एजेंसी ने यह जानकारी दी। ईरान सरकार द्वारा देश में व्यापक स्तर पर जारी प्रदर्शनों के बीच हिरासत में लिए गए कैदी को फांसी दिए जाने का यह दूसरा मामला है। 

ईरान की समाचार एजेंसी ‘मिज़ान’ के अनुसार, मजीदरेज़ा रहनवार्ड को फांसी दी गई। उसे मशहद में 17 नवंबर को सुरक्षा बल के दो सदस्यों की चाकू मारकर हत्या करने और चार अन्य को घायल करने का दोषी ठहराया गया था। ईरान ने इससे पहले गत बृहस्पतिवार को देशव्यापी विरोध-प्रदर्शनों के दौरान किए गए अपराध को लेकर एक कैदी को फांसी दी थी।

 ईरान द्वारा दिए गए इस तरह के मृत्युदंड का यह पहला मामला था। ईरान की नैतिकता के आधार पर कार्रवाई करने वाली पुलिस के खिलाफ एक आक्रोश के रूप में शुरू हुआ यह प्रदर्शन 1979 की इस्लामी क्रांति के बाद से देश के ‘‘धर्मतंत्र’’ के लिए सबसे गंभीर चुनौतियों में से एक बन गया है। कार्यकर्ताओं ने आगाह किया है कि निकट भविष्य में अन्य लोगों को भी मृत्युदंड दिया जा सकता है। प्रदर्शनों में शामिल होने पर अब तक करीब 12 लोगों को मौत की सजा सुनाई जा चुकी है।

ये भी पढ़ें:- चीन बना पूरी तरह से अंतरिक्ष स्टेशन वाला पहला देश, जानिए कैसा है ‘स्वर्ग का महल’

संबंधित समाचार