बेटी व पत्नी का बायोडॉटा लेकर भाजपा प्रदेश कार्यालय की परिक्रमा कर रहे नेतागण, बोले प्रदेश अध्यक्ष- ‘अपनों’ का मोह छोड़ें
अमृत विचार ब्यूरो, लखनऊ। निकाय चुनाव के अध्यक्ष पदों के आरक्षण की अंतिम सूची सामने आने के बाद भाजपा के मौजूदा मेयर से लेकर सांसद-विधायक तक अपने परिजनों को लेकर भाजपा मुख्यालय की दौड़ लगा रहे हैं। इनमें ऐसे महापौर भी हैं, जिन्होंने अपने पद का आरक्षण बदल जाने के बाद अपनी पत्नी और बेटी का बायोडॉटा भाजपा पदाधिकारियों को दिलवा रहे हैं।
यही वजह है कि भाजपा प्रदेश अध्यक्ष भूपेन्द्र सिंह चौधरी को कहना पड़ा कि ‘अपनों’ का मोह छोड़ पार्टी के लिए काम करें। पदाधिकारी भी किसी को टिकट दिलाने का वादा न करें। मुख्यमंत्री के आवास पर रविवार को हुई कोर कमेटी की बैठक में मुख्यमंत्री समेत पार्टी पदाधिकारियों के बीच एक राय बनी थी कि जनप्रतिनिधियों के परिजनों को टिकट देने से परहेज किया जाएगा।
पार्टी सभी वर्गों के जिताऊ आम कार्यकर्ताओं को प्रत्याशी बनाने में प्राथमिकता देगी। बावजूद इसके पार्टीजन आशा नहीं छोड़ रहे हैं। उनकी प्रदेश भाजपा मुख्यालय की ओर दौड़ लगातार जारी है। मसलन, मुरादाबाद के मौजूदा मेयर अपनी सीट महिला के लिए आरक्षित हो जाने के बाद बेटी के लिए टिकट मांग रहे हैं।
इसी तरह सहारनपुर भाजपा के पूर्व जिलाध्यक्ष वहां के नगर निगम की सीट महिला हो जाने के बाद अपनी पत्नी या फिर बेटी को पार्टी का प्रत्याशी बनाने के लिए प्रदेश भाजपा मुख्यालय बायोडॉटा लेकर घूम रहे हैं। भाजपा प्रदेश मुख्यालय पर टिकटार्थियों की भारी भीड़ देखकर ही भाजपा प्रदेश अध्यक्ष व महामंत्री (संगठन) केवल बैठकों में ही कार्यालय आ रहे हैं। बाकी समय अज्ञातवास में रहकर पार्टी का काम कर रहे हैं।
इस बार मुस्लिम भी मांग रहे भाजपा का टिकट
भाजपा मुख्यालय पर टिकटार्थियों की जुटी भीड़ में इस बार एक नई बात यह सामने आ रही है कि बड़ी संख्या में मुस्लिम वर्ग के लोग भाजपा के प्रत्याशी बनने के लिए उत्सुक हैं। भाजपा पदाधिकारियों से मिलने के लिए सोमवार को पीलीभीत से मुस्लिम वर्ग का एक दल भाजपा मुख्यालय पर आया। इसी तरह अन्य शहरों से भी मुस्लिम वर्ग के लोग मुख्यालय आकर भाजपा का टिकट मांग रहे हैं। भाजपा मुख्यालय पर शायद यह नजारा पहली बार देखने को मिल रहा है, वरना विगत चुनावों में कभी इस तरह से मुस्लिम वर्ग के लोग भाजपा का टिकट मांगते नहीं दिखे।
रामपुर की जीत बनी नजीर
भाजपा के प्रदेश प्रवक्ता हरिश्चन्द्र श्रीवास्तव का कहना है कि प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी के “सबका साथ, सबका विकास और सबका विश्वास” के मंत्र को योगी सरकार अमल कर रही है। योजनाओं का लाभ मुस्लिम समुदाय को भी मिल रहा है। इसी विश्वास के साथ मुस्लिम वर्ग भी भाजपा के साथ आ रहा है। रामपुर विधानसभा सीट के उपचुनाव में भाजपा की जीत इस बात का जीता-जागता प्रमाण है।
यह भी पढ़ें:-बहराइच: धोखाधड़ी के मामले जेल में निरुद्ध बंदी की इलाज के दौरान मौत
