Kanpur का नहीं खत्म हो रहा जाम, जरीब चौकी क्रासिंग पर घंटों राहगीर होते परेशान, रेंग-रेंगकर चलते रहे वाहन
कानपुर में रोजाना जाम से राहगीर होते परेशान।
कानपुर का जाम लोगों के लिए परेशानी का सबक बनता जा रहा है। जरीब चौकी क्रासिंग पर जाम से लोग कराह उठे है। जीटी रोड पर दिन में कई बार भीषण जाम लगने से लोगों को परेशानियों का सामना करना पड़ता है।
कानपुर, अमृत विचार। शहर में जाम ने राहगीरों की कमर तोड़ दी है। व्यस्ततम चौराहों के साथ ही मंगलवार को जरीब चौकी क्रासिंग पर भीषण जाम लगा। यहां दोपहर बाद लगे जाम के बीच काफी देर तक गाड़ियां रेंगती रहीं। जिसमें कई आला-अधिकारी के साथ एंबुलेंस भी फंसी रही।
क्रासिंग के बंद होने के बाद खड़े हुए वाहन खुलने के बाद भी निकलने के लिए जद्दो जहद करते दिखाई दिये। इस वजह से कालपी रोड पर भी जाम लग गया। यहां से पीरोड व डिप्टी पड़ाव की ओर जाने वाले वाहन सड़क पर फंसे रहे।
वैसे तो जरीबचौकी चौराहा जाम का प्रमुख केंद्र है। यहां एक बार क्रासिंग बंद हो जाये तो आधा किलोमीटर तक गाड़ियों की कतार कालपी रोड पर लग जाती है। क्योंकि पीरोड व डिप्टी पड़ाव, अफीमकोठी की ओर जाने के लिये यहां से कोई अन्य रास्ता नहीं है इस वजह से वाहनों को क्रासिंग खुलने का इंतजार करना पड़ता है।
एक बार क्रासिंग खुली तो दोनों तरफ से बेतरतीब वाहन निकलना शुरू हो जाते हैं। जो क्रासिंग के पास ही फंसे रहते हैं। जब तक जीटी रोड के ट्राफिक को रोका नहीं जाता तब तक कालपी रोड पर फंसे वाहन नहीं निकल पाते। क्रासिंग खुलने के 15 मिनट तक यहां वाहन रेंगते हैं जिनको निकलवाने में ट्रैफिक पुलिस के सिपाहियों को भी पसीना आ जाता है।
क्रासिंग के पास सड़क खराब होने से कई बार घटना होने का भी अंदेशा रहता है। इसी लिये कई लोग जल्दबाजी में क्रासिंग के नीचे से गाड़ियों को निकालते हैं। ताकि, ज्यादा देर तक जाम में फंसा नहीं रहना पड़े। मंगलवार को दिन में कई बार ऐसी स्थिति बनी जिसके बीच लोग परेशान रहे।
