मुरादाबाद : दिल्ली से चुराई गई बाइक समेत दो गिरफ्तार, एक फरार
मुरादाबाद, अमृत विचार। मूंढापांडे पुलिस ने चोरी की बाइक के साथ दो लोगों को गिरफ्तार किया है। आरोपियों ने बाइक दिल्ली से चुराई थी। बुधवार को पुलिस ने दोनों आरोपियों को अदालत में पेश करने के बाद जेल भेज दिया, जबकि उनके तीसरे साथी की तलाश की जा रही है।
मूंढापांडे थाना प्रभारी आरपी सिंह ने बताया कि दरोगा राजीव चौहान मंगलवार रात करनपुर क्षेत्र में गोविन्दपुर केनरा बैंक के समीप वाहनों की जांच कर रहे थे। तभी एक बाइक पर तीन युवक सवार दिखे। पुलिस को देख उन्होंने भागने की कोशिश की। इस प्रयास में उनकी बाइक फिसल गई और वह सड़क पर गिर गए।
पुलिस कर्मियों ने दो युवकों को दौड़ा कर दबोच लिया। जबकि उनका तीसरा साथी भागने में सफल रहा। पूछताछ में आरोपियों बाइक को दिल्ली से चुराने की बात स्वीकार की। नंबर के जरिए पुलिस ने बाइक स्वामी की पहचान गुलफाम पुत्र जमील अहमद निवासी शौकत अली सिविल लाईन रामपुर के रूप में की। जबकि चेसिस नंबर की जांच से पता चला कि वाहन का असली मालिक शैलेंद्र कुमार पुत्र रघुराज सिंह निवासी ए-1241-1242 जीडी कालोनी मयूर विहार फेस तीन दिल्ली है।
पकड़े गए आरोपियों ने अपने नाम आकिब व लईक निवासी ग्राम मदनापुर होलपुर थाना मूंढापांडे बताया। जबकि फरार साथी का नाम अनीस निवासी ग्राम मदनापुर होलपुर बताया। तीनों आरोपियों के खिलाफ पुलिस ने वाहन चोरी व धोखाधड़ी का मामला दर्ज कर लिया है। तीसरे आरोपी की तलाश की जा रही है।
ये भी पढ़ें:- रामपुर : शाहबाद में परिजनों को बंधक बनाकर बदमाशों ने डाली डकैती, डेढ़ लाख का माल लूटकर हुए फरार
