FIFA WOrld Cup 2022 : फ्रांस की जीत के बाद बवाल, मोरक्को के फैंस का सड़कों पर तांडव...​एक्शन में पुलिस

Amrit Vichar Network
Edited By Amrit Vichar
On

पेरिस। फीफा वर्ल्ड कप के सेमीफाइनल में मैच में फ्रांस ने मोरक्को को 2-0 से हरा दिया। इसके बाद फ्रांस से लेकर ब्रसेल्स की सड़कों तक मोरक्को के फैंस का गुस्सा देखने को मिला। जहां, फ्रांस में कई जगहों पर मोरक्को के फैंस जश्न मना रहे फ्रांस के फैंस से भिड़ गए, तो ब्रसेल्स में मोरक्को फैन्स ने सड़कों पर जमकर तांडव मचाया और आगजनी की। इस दौरान पुलिस के साथ भी उनकी हिंसक झड़प हुई। पुलिस ने जवाब देने के लिए आंसू गैस और पानी के फव्वारों का इस्तेमाल किया। पुलिस ने कुछ मोरक्को फैंस को गिरफ्तार भी किया है।

अब सोशल मीडिया पर वीडियोज वायरल हो रहे हैं, जिसमें शहर के Place de la Comédie में फैंस के बीच हिंसक झड़प देखी गईं। उन्होंने एक दूसरे पर आतिशबाजी की। इसके बाद पुलिस को आंसू गैस का इस्तेमाल करना पड़ा। बता दें कि फ्रांस मोरक्को का एक पूर्व औपनिवेशिक शासक है और यहां 10 लाख मोरक्को प्रवासी रहते हैं।  फुटेज में पुरुष फ्रांस के झंडे लहराते हुए फर्श से कुर्सियां उठाते हुए दिखाई दे रहे हैं। झड़प के बाद फ्रांस के अधिकारियों ने पूरे देश में 10000 पुलिसकर्मियों को तैनात किया है। इनमें से 5000 को पेरिस में तैनात किया गया है।

लगातार दूसरी बार फ्रांस फाइनल में
फ्रांस वर्ल्ड कप में लगातार दूसरी बार फाइनल में पहुंच गया। टीम ने 2018 में वर्ल्ड कप जीता था। वहीं, वर्ल्ड कप के सेमीफाइनल में पहुंचने में वाली पहली अफ्रीकी टीम मोरक्को का वर्ल्ड कप में सफर खत्म हो गया। इसके साथ ही अफ्रीकी देशों और अरब देशों की उम्मीदें खत्म हो गईं। बेल्जियम, स्पेन और पुर्तगाल जैसी बड़ी टीमों को हराने के बाद वे सेमीफाइनल में फ्रांस को नहीं हरा सके।

जीत के जश्न में डूबा फ्रांस
पेरिस। फ्रांस के विश्व कप फाइनल में पहुंचते ही देश भर में फुटबॉल की दीवानगी चरम पर पहुंच गई और हर शहर में जश्न की शुरूआत भी हो गई, जबकि टीम के ऐतिहासिक प्रदर्शन पर फख्र करने वाले मोरक्को के समर्थकों के चेहरों पर मायूसी थी। पेरिस में चैंम्प्स एलिसीस पर फुटबॉलप्रेमियों का हुजूम उमड़ पड़ा जिन्होंने आतिशबाजी की और फ्रांस के झंडे लहराये। चारों तरफ कार के हॉर्न का शोर सुनाई दिय। शहर भर में दंगा रोकने वाली पुलिस गश्त करती दिखाई दी। 

फ्रांस के फाइनल में पहुंचने से गौरवान्वित हैं मैकरोन 
मोरक्को के खिलाफ फ्रांस का सेमीफाइनल मैच देखने कतर पहुंचे फ्रांस के राष्ट्रपति एमैन्युल मैकरोन ने कहा कि टीम के विश्व कप फाइनल में पहुंचने से वह गौरवान्वित महसूस कर रहे हैं। मैकरोन ने मैच के बाद पत्रकारों से कहा, मुझे अपने देश पर गर्व है। मैं बहुत खुश हूं। मैं चाहता हूं कि फ्रांस इस खुशी का पूरा मजा ले। उन्होंने सेमीफाइनल तक पहुंचने वाली अफ्रीका की पहली टीम मोरक्को की भी तारीफ की। उन्होंने कहा,मोरक्को ने बहुत अच्छा खेला। मैं मोरक्को के लोगों से कहना चाहता हूं कि उनके पास शानदार टीम है। मैं उन्हें हमारी दोस्ती के बारे में बताना चाहता हूं। मोरक्को पर 1912 से 1956 के बीच फ्रांस का शासन था लिहाजा इस मैच की राजनीतिक और सांस्कृतिक पृष्ठभूमि भी थी। मैकरोन ने कहा कि वह रविवार को फाइनल मैच देखने फिर कतर आयेंगे। उन्होंने कहा कि वह मैच से पहले कोई कयास नहीं लगाते लेकिन सेमीफाइनल से पहले उन्होंने कहा था कि फ्रांस जीतेगा। मैकरोन मैच देखने के लिये यूरोपीय संघ और दक्षिण पूर्व एशियाई नेताओं की ब्रसेल्स में अहम बैठक छोड़कर आये थे।

ये भी पढ़ें :  FIFA WOrld Cup 2022 : हार के बावजूद जीता दिल, विश्व कप के इतिहास की सबसे यादगार गाथाओं में गिना जाएगा मोरक्को

संबंधित समाचार