निकाय चुनाव में भाजपा को घुटने के बल लाएगी कांग्रेस :बृजलाल खाबरी
जिले में पहुंची भारत जोड़ो यात्रा का जगह-जगह हुआ स्वागत
अमृत विचार, अयोध्या। उत्तर प्रदेश में भाजपा के सामने केवल कांग्रेस ही एकमात्र विपक्ष है, बाकी सब पार्टियां प्राइवेट लिमिटेड हैं, चली तो चली नहीं तो कभी भी बंद हो जाती हैं। प्रदेश में होने वाले निकाय चुनाव में महंगाई, बेरोजगारी, अत्याचार, पुलिसिया आतंक को मुद्दा बनाकर कांग्रेस इस बार भाजपा को घुटने टेकने को विवश कर देगी, इन्हीं मुद्दों को लेकर पार्टी के कार्यकर्ता भारत जोड़ो यात्रा के जरिए लोगों को जागरूक करेंगे। यह बातें जनपद के बीकापुर में भारत जोड़ो यात्रा का शुभारंभ करते हुए प्रदेश अध्यक्ष बृजलाल खाबरी ने कही।
कांग्रेस के पूर्व अध्यक्ष राहुल गांधी की अगुवाई में निकली भारत जोड़ो पदयात्रा को मजबूती देने के लिए प्रांतीय अध्यक्ष व विधायक वीरेंद्र चौधरी की अगुवाई में पूर्वांचल में निकली भारत जोड़ो यात्रा जनपद के बीकापुर में पहुंची, जहां कांग्रेस प्रदेश अध्यक्ष बृजलाल व पूर्व प्रदेश अध्यक्ष डॉ. निर्मल खत्री ने स्वागत किया। बीकापुर से जनपद के अंदर दाखिल हुई पदयात्रा भदरसा, डाभासेमर, नाका चुंगी व फतेजगंज होते हुए देवकाली पर समाप्त हुई। प्रदेश अध्यक्ष ने कहा कि देश के संवैधानिक मूल्यों को बचाने व लोगों के मौलिक अधिकारों की सुरक्षा के संकल्प को लेकर राहुल गांधी की अगुवाई में निकाली जा रही भारत जोड़ों पदयात्रा को जिस तरह से आम जनमानस का समर्थन मिल रहा है, उससे सत्ताधारी दल में घबराहट पैदा हो गई है।
पूर्व प्रदेश अध्यक्ष डॉ. निर्मल खत्री ने कहा कि राहुल गांधी के नेतृत्व में निकली भारत जोड़ो यात्रा देश में परिवर्तन का संकेत दे रही है। उन्होंने कहा कि बढ़ती महंगाई, बेरोजगारी, उद्योग व्यापार में मंदी, अमीर और गरीब के बीच बढ़ती खाई, संसाधनों की लूट तथा किसानों की दुर्दशा से प्रदेश ही नहीं बल्कि पूरा देश जूझ रहा है। पदयात्रा से पहले बीकापुर में हुई सभा की अध्यक्षता जिलाध्यक्ष अखिलेश यादव तथा संचालन जिला प्रवक्ता सुनील कृष्ण गौतम ने किया।
बीकापुर से चली यात्रा में एआईसीसी सदस्य राजेंद्र प्रताप सिंह, अशोक सिंह ,उग्रसेन मिश्र, चेत नारायण सिंह, रामदास वर्मा, दयानंद शुक्ल, राम अवध पासी व शिवपूजन पांडे शामिल रहे। जिला प्रवक्ता सुनील कृष्ण गौतम ने बताया कि बीकापुर में कांग्रेस नेता जहीर हसन, प्रेमचंद राय, अमरनाथ यादव, रामनाथ वर्मा, महिला कांग्रेस की जिलाध्यक्ष रेनू राय, प्रमिला राजपूत, रामकरण कोरी, जलालपुर तिराहा पर राजकुमार सिंह, आशुतोष सिंह, अशोक कुमार सिंह, भरत कुंड में रामसनेही निषाद, अनवर हुसैन, मो. तनवीर, उषा कोरी, मसौधा में महेश वर्मा, जनार्दन सिंह, डाभासेमर में सुरेंद्र सिंह, संजय तिवारी, शिवपूजन पांडे, अवध विश्वविद्यालय के सामने गौरव तिवारी वीरू, नाका चुंगी पर वेद सिंह कमल, शैलेंद्र मणि पांडे, आरिफ आब्दी, श्रीनिवास शास्त्री, उमेश उपाध्याय, कंचन दुबे, नाका पर चंचल सोनकर, मकबरा पर भरत गुप्त तथा प्रवीण श्रीवास्तव ने स्वागत किया।
ये भी पढ़ें - अयोध्या: शहर व गांव में लगाएं 20 से 50 लाख तक के प्रोजेक्ट, मिलेगा अनुदान
