शुरुआती कारोबार में सेंसेक्स-निफ्टी में गिरावट, रुपया चार पैसे टूटकर 82.80 प्रति डॉलर पर
मुंबई। वैश्विक बाजारों के कमजोर रुख तथा सूचना प्रौद्योगिकी कंपनियों के शेयरों में बिकवाली से शुक्रवार को शुरुआती कारोबार में सेंसेक्स और निफ्टी नीचे आ गए।
बीएसई का 30 शेयरों वाला सेंसेक्स शुरुआती कारोबार में 385.38 अंक टूटकर 61,413.65 अंक पर आ गया इसी तरह नेशनल स्टॉक एक्सचेंज का निफ्टी शुरुआती कारोबार में 115.35 अंक के नुकसान के साथ 18,299.55 अंक पर कारोबार कर रहा था।
सेंसेक्स की कंपनियों में टाटा कंसल्टेंसी सर्विसेज, विप्रो, एचसीएल टेक्नोलॉजीज, इन्फोसिस, आईटीसी, कोटक महिंद्रा बैंक और महिंद्रा एंड महिंद्रा के शेयर नुकसान में थे।
वहीं एलएंडटी, रिलायंस इंडस्ट्रीज, पावर ग्रिड, भारती एयरटेल, एक्सिस बैंक और अल्ट्राटेक सीमेंट के शेयर लाभ में थे।
रुपया चार पैसे टूटकर 82.80 प्रति डॉलर पर
स्थानीय शेयर बाजारों में गिरावट और वैश्विक बाजारों में जोखिम से बचने की भावना के बीच शुक्रवार को शुरुआती कारोबार में रुपया कमजोर खुला।
अंतरबैंक विदेशी मुद्रा विनिमय बाजार में रुपया 82.84 प्रति डॉलर पर कमजोर खुला। बाद में यह चार पैसे के नुकसान के साथ 82.80 प्रति डॉलर पर कारोबार कर रहा था।
पिछले कारोबारी सत्र में रुपया 27 पैसे टूटकर 82.76 प्रति डॉलर पर बंद हुआ था। इसी बीच, छह मुद्राओं की तुलना में डॉलर की मजबूती को आंकने वाला डॉलर सूचकांक 0.28 प्रतिशत के नुकसान से 104.27 पर आ गया।
ये भी पढ़ें : लखनऊ का पहला पूर्ण स्वामित्व वाला होटल द सेंट्रम अब पांच सितारा घोषित
