Kanpur News : शहर का पहला इलेक्ट्रिक चार्जिंग स्टेशन शुरू, महापौर प्रमिला पांडेय ने फीता काटकर का सौंपा
कानपुर में इलेक्ट्रिक चार्जिंग स्टेशन शुरू।
कानपुर में शहर का पहला इलेक्ट्रिक चार्जिंग स्टेशन शुरू हो रहा है। महापौर प्रमिला पांडेय और नगर आयुक्त ने फीता काटकर जनता को सौंपा है। 18 रुपये प्रति यूनिट से इलेक्ट्रिक कार, बाइक औ ई-रिक्शा लोग चार्ज करा सकेंगे।
कानपुर, अमृत विचार। मोतीझील कारगिल पार्क के बाहर बना शहर का पहला इलेक्ट्रिक चार्जिंग स्टेशन आधी-अधूरी तैयारियों के साथ शुरू हो गया। यहां बिजली का मीटर अभी तक नहीं लगा है, जिससे शुक्रवार को उद्घाटन के लिये आधे घंटे जुगाड़ से बिजली की व्यवस्था की गई। जिसके बाद महापौर प्रमिला पांडेय और नगर आयुक्त शिवशरणप्पा जीएन ने फीता काटकर चार्जिंग स्टेशन जनता को सौंप दिया। यहां 18 रुपए प्रति यूनिट की दर से वाहन चार्ज किए जा सकेंगे।
नगर निकाय चुनाव की तारीखों के एलान से पहले नगर निगम अपने कार्यों का उद्घाटन करना चाहता है। इसीलिये महापौर प्रमिला पांडेय और नगर आयुक्त शिवशरणप्पा जीएन ने चार्जिंग स्टेशन का फीता काटकर उद्धाटन किया। यह स्टेशन करीब 2 महीने से बनकर तैयार था।
30 मिनट में कार होगी फुल चार्ज
स्टेशन पर एक बार में 6 इलेक्ट्रिक गाड़ियां चार्ज हो सकेंगी। कार के साथ ही स्कूटी, ई-रिक्शा और ऑटो भी चार्ज हो सकेंगे। कार 30 मिनट में फुल चार्ज हो जाएगी। एक बार में फुल चार्ज करने में कार मालिक को करीब 500 रुपए चार्ज देना होगा। नगर निगम ने प्राइवेट कंपनी को शहर में दो चार्जिंग स्टेशन बनाने का काम दिया था। कंपनी के सीनियर प्रोजेक्ट इंजीनियर समर कुमार ने बताया कि एक स्टेशन बनाने में करीब 40 लाख रुपए खर्च आता है। चार्जिंग स्टेशन में प्रति यूनिट 18 रुपए हिसाब से पेमेंट करना पड़ेगा।
ऐसे कर सकेंगे गाड़ी चार्ज
समर ने बताया कि चार्जिंग स्टेशन को यूज करने से पहले कंपनी का एप इलेक्ट्रीवा डाउनलोड करना होगा। इसके बाद इसके वॉलेट को रिचार्ज करना होगा। फिर मशीन पर लगे क्यूआर कोड को एप से स्कैन करना होगा। प्लग को गाड़ी से कनेक्ट करने के बाद बटन दबाना होगा। इसके दबाते ही गाड़ी चार्ज होना शुरू हो जाएगी। इसके अलावा आरएफआईडी टैग से भी गाड़ी को चार्ज किया जा सकेगा।
एप से ही कट जाएंगे रुपये
स्कैन करने के बाद वॉलेट से रुपये कट जाएंगे। चार्जिंग स्टेशन में तीन तरह के चार्जर लगाए गए हैं। एक चार्जर 60 वॉट का है, इसमें एक बार में दो कारें चार्ज हो जाएंगी। एक चार्जर 22 किलोवॉट का है। इसमें एक बार में एक कार ही चार्ज हो पाएगी जिसमें 50 मिनट लगेंगे। सचार्जिंग स्टेशन पर इलेक्ट्रिक स्कूटी और ई-रिक्शा भी चार्ज कर सकेंगे। इनके लिए 10 किलोवॉट का चार्जर लगाया गया है। इसके साथ ही यहां तीन स्कूटी या ई-रिक्शा चार्ज हो जाएंगे। इन्हें फुल चार्ज होने में करीब तीन घंटा तक लगेगा। कंपनी के एप पर चार्जिंग स्टेशन के लिए आप स्लॉट भी बुक करने की सुविधा मिलेगी।
पांच किलोमीटर पर बनना है चार्जिंग स्टेशन
शहर में हर पांच किलोमीटर पर चार्जिंग स्टेशन बनाने की योजना है। शहर में पहला इलेक्ट्रिक चार्जिंग स्टेशन मोतीझील में शुरू हुआ है। साकेत नगर में दूसरा चार्जिंग स्टेशन बनकर तैयार है। जो जल्द ही शुरू किया जायेगा।
