Kanpur Dehat पहुंचे पूर्व मुख्यमंत्री Akhilesh Yadav, बलवंत सिंह के परिजनों को दी सांत्वना, पुलिस की पिटाई से हुई थी मौत
सपा पूर्व मुख्यमंत्री अखिलेश यादव कानपुर देहात पहुंचे है।
सपा के पूर्व मुख्यमंत्री अखिलेश यादव कानपुर देहात पहुंचे है। जहां उनका कार्यकर्ताओं ने जोरदार स्वागत किया है। अखिलेश यादव लालपुर सरैया में मृतक व्यापारी बलवंत सिंह के घर जाएंगे।
कानपुर देहात, अमृत विचार। सपा अध्यक्ष और पूर्व मुख्यमंत्री अखिलेश रसूलाबाद पहुंचे है। यहां इनका कार्यकर्ताओं ने जोरदार स्वागत किया है। इसके बाद वह शिवली के लालपुर सरैया गांव में मृतक व्यापारी बलवंत सिंह के घर पहुंचे है। जहां वह बलवंत सिंह के परिजनों से मुलाकात कर रहे है। बता दें कि, पुलिस की पिटाई से व्यापारी की मौत हो गई थी। मामले में न्याय नहीं मिलने पर व्यापारी की पत्नी ने सीएम आवास के बाहर आत्मदाह करने की चेतावनी दी है।
लालपुर सरैया गांव पहुंचे सपा अध्यक्ष ने परिजनों को बंधाया ढांढस, उन्होंने पुलिस पिटाई से मृत व्यापारी बलवंत सिंह को दी श्रद्धांजलि। इस दौरान बड़ी संख्या में लोगों की जुटी भीड़, पुलिस को नियंत्रित करने में छूटे पसीने।
मृतक व्यापारी के परिजनों ने सपा अध्यक्ष अखिलेश यादव से सरकारी नौकरी, एक करोड़ रूपये मुआवजा व मामले की जांच सीबीआई से कराने के बावत मांग पत्र सौंपा। सपा अध्यक्ष ने कहा कि पार्टी पूरी तरह से उनके साथ खड़ी है और हर संभव मदद का आश्वासन दिया है।
यह था मामला
शिवली के मैथा क्षेत्र में सराफा व खाद व्यापारी चंद्रभान सिंह को बाइक सवार बदमाशों ने छह दिसंबर को लूट लिया था। इस वारदात का खुलासा करने के लिए एसओजी व शिवली थाना पुलिस ने संदेह के आधार पर पांच लोगों को हिरासत में लिया था। इसमें चंद्रभान का भतीजा व व्यापारी बलवंत सिंह भी शामिल था। रनियां थाने में पूछताछ के दौरान पुलिस वालों ने बेरहमी से बलवंत को पीटा था। इससे उसकी जान चली गई थी। मामले में एसपी सुनीति ने 11 पुलिसकर्मियों को निलंबित था। बलवंत प्रकरण की जांच कन्नौज एसपी के नेतृत्व में गठित एसआईटी कर रही है।
