हमीरपुर की घटना ने किया झकझोर, पति की मौत के बाद पत्नी ने भी तोड़ा दम, दंपति की एक साथ जली चिताएं

Amrit Vichar Network
Edited By Amrit Vichar
On

हमीरपुर में पति की मौत के बाद पत्नी ने भी तोड़ा दम।

हमीरपुर के राठ में पति की मौत के बाद पत्नी ने भी दम तोड़ दिया। दोनों की एक साथ चिताएं जली है। इससे परिजनों में कोहराम मच गया है।

हमीरपुर, अमृत विचार। राठ कस्बे के पठानपुरा गायत्री नगर मोहल्ले में एक दिल दहलाने वाला मामला सामने आया है। बीमारी के चलते वृद्ध की मौत होने का सदमा वृद्ध पत्नी को भारी पड़ा और कुछ देर बाद उसने भी दम तोड़ दिया। एक साथ हुई दंपत्ति की मौत पर परिजनों में कोहराम मचा है।

पठानपुरा मोहल्ला निवासी 72 वर्षीय गया प्रसाद सोनी पुत्र जगन्नाथ अपने परिवार के साथ रहते थे। गया प्रसाद के पुत्र विनोद कुमार ने बताया कि उनके पिता प्रोस्टेट की बीमारी से पीड़ित थे। सोमवार की दोपहर उनकी मां गोमती देवी ने पिता को चाय बनाकर पिलाई। बताया कि चाय पीने के कुछ देर बाद अचानक उनके पिता की मौत हो गई।

बताया पिता की मौत की खबर जब उनकी मां को लगी तो वह यह सदमा बर्दाश्त नहीं कर सकीं और कुछ समय बाद पिता के पास उनकी भी मौत हो गई। विनोद कुमार ने बताया कि उनकी मां स्वस्थ थीं। पिता की मौत का सदमा लगने पर ही उनकी मौत हुई है।

मृतक दंपत्ति अपने पीछे पुत्र विनोद कुमार सोनी और संतोष कुमार के अलावा एक विवाहित पुत्री गायत्री को रोता बिलखता छोड़ गए हैं। दंपत्ति की एक साथ मौत होने पर दोनों की अर्थियां एक साथ उठने से मोहल्ले के लोगों में शोक व्याप्त हो गया। मोक्षधाम में दंपत्ति का एक साथ अंतिम संस्कार किया गया है। एक साथ हुई दंपति की मौत कस्बे में चर्चा का विषय बना हुआ है।

संबंधित समाचार