यूपीआरटीओयू का 17 वां दीक्षांत समारोह आयोजित, ट्रांसजेंडर और कैदियों को प्रदान की जा रही निशुल्क शिक्षा
अमृत विचार लखनऊ/प्रयागराज। उत्तर प्रदेश उत्तर प्रदेश राजर्षि टण्डन मुक्त विश्वविद्यालय का 17 दीक्षांत समारोह सोमवार को आयोजित किया गया। इस मौके पर कार्यक्रम की अध्यक्षता कुलाधिपति के रूप में राज्यपाल आनंदीबेन पटेल की। विश्वविद्यालय की ओर से प्रदान की जा रही ट्रांसजेंडर और कैदियों को निशुल्क शिक्षा व्यवस्था को सराहनीय कदम बताया गया। दीक्षांत के मौके पर कुल 19,587 विद्यार्थियों को उपाधि प्रदान की गई, जिसमें 5511 विद्यार्थियों को स्नातक, 8706 को परास्नातक, 2261 को परास्नातक डिप्लोमा, 507 को डिप्लोमा तथा 2602 को सर्टिफिकेट प्रदान किया गया। 23 मेधावी विद्यार्थियों को स्वर्ण पदक प्रदान किये गये। राज्यपाल ने सभी उपाधि प्राप्त करने वाले छात्र-छात्राओं को उज्ज्वल भविष्य की शुभकामनाएं दीं और पदक विजेताओं को बधाई दी। दीक्षांत की शुरूआत में कुलपति सीमा सिंह ने विश्वविद्यालय से जुड़ी हर उपलब्धि से राज्यपाल को अवगत कराया।
दूरस्थ व मुक्त शिक्षा प्रणाली शिक्षा से वंचित रह जाने वाले हो रहे शिक्षित
वहीं विश्वविद्यालय को रजत जयंती वर्ष पर बधाई देते राज्यपाल ने कहा कि दूरस्थ व मुक्त शिक्षा प्रणाली एक लचीली और लागत प्रभावी शैक्षिक प्रणाली होने की वजह से शिक्षा की मुख्यधारा से वंचित रह जाने वाले जन समुदाय को शिक्षा के अवसर प्रदान करती है। उन्होंने विश्वविद्यालय द्वारा ट्रांसजेंडर और जेल के कैदियों को निःशुल्क शिक्षा तथा गोद लिए गाँवों की महिलाओं को पचास प्रतिशत शुल्क पर प्रवेश देने के निर्णय की सराहना की। राज्यपाल ने राष्ट्रीय शिक्षा नीति-2020 के क्रियान्वयन में सक्रिय होने, विद्यार्थियों के लिए रोजगारपरक पाठ्यक्रमों को बहुतायत से संचालित करने, नैक से ग्रेडिंग प्राप्त होने, अपनी शैक्षिक गुणवत्ता बढ़ाने के लिए विविध शैक्षिक संस्थानों और विश्वविद्यालयों से एमओयू करने की सराहना करते हुए प्रसन्नता व्यक्त की।
ग्रेटर नोएडा में जी-20 की बैठक को लेकर राज्यपाल ने की चर्चा
राज्यपाल ने बताया कि मौजूदा समय में प्रदेश के चार शहरों आगरा, वाराणसी, लखनऊ और ग्रेटर नोएडा में जी-20 देशों की बैठकें 1 दिसम्बर से 30 दिसंबर तक तक आयोजित की जा रही हैं। उन्होंने विश्वविद्यालय को इस इवेंट में उत्साह के साथ प्रतिभागिता के लिए प्रोत्साहित करते हुए कहा कि विदेशी भाषा के जानकार छात्र इसमें प्रतिनिधियों से संवाद करके जानकारियों के प्रचार-प्रसार, विश्वविद्यालय के नवाचारों, स्टार्ट अप तथा अन्य गतिविधियों के डिजिटल प्रचार तथा प्रदर्शनी के आयोजन द्वारा हिस्सेदारी कर सकते हैं।
जल सरंक्षण के साथ करें अपने दायित्वों का निर्वाह
राज्यपाल ने कहा कि युवाओं को संवेदनशीलता, देशभक्ति, पर्यावरण संरक्षण, जल संरक्षण के साथ ही अपने दायित्वों का निर्वाह करना चाहिए। कहा कि शिक्षा का क्षेत्र अत्यंत व्यापक है। अतः इसकी समग्रता को समझते हुए प्राथमिक व माध्यमिक स्तर के विद्यालयों के प्रधानाचार्य को विश्वविद्यालय में बुलाकर उच्च शिक्षा को बढ़ावा देने के उद्देश्य से चर्चा की जाए जिससे गुणवत्ता पूर्ण शिक्षा की व्यवस्था सुनिश्चित हो सके। दीक्षान्त कार्यक्रम का उद्घाटन राज्यपाल ने ‘‘जलभरो‘‘ कार्यक्रम से किया। मटकी में जलधारा डालकर जल संरक्षण का संदेश देते हुए राज्यपाल जी ने कहा कि विश्वविद्यालय जितना जल वर्ष भर में उपयोग में लाते हैं, उतने जल संरक्षण हेतु प्रभावी प्रयास करें।
इन मेधावियों को मिला डिग्री के साथ मेडल
प्रोफेसर सीमा सिंह ने बताया कि कुलाधिपति स्वर्ण पदक विश्वविद्यालय मुख्य परिसर अध्ययन केंद्र की छात्रा प्रतिज्ञा मिश्रा को दिया गया। प्रतिज्ञा मिश्रा ने एम0ए0 भूगोल विषय की परीक्षा प्रथम श्रेणी में उत्तीर्ण की तथा समस्त विद्याशाखाओं की स्नातक एवं स्नातकोत्तर परीक्षाओं में उत्तीर्ण समस्त स्नातक/परास्नातक शिक्षार्थियों में सर्वश्रेष्ठ रहीं। विश्वविद्यालय स्वर्ण पदक इस बार स्नातकोत्तर वर्ग में विद्याशाखाओं के छह टापर्स को दिए गये हैं। जिसमें मानविकी विद्याशाखा से विश्वविद्यालय स्वर्ण पदक बाबा साधव राम महाविद्यालय आजमगढ़ अध्ययन केन्द्र से पंजीकृत एमए (अर्थशास्त्र) की छात्रा इन्द्रवासिनी को, समाज विज्ञान विद्याशाखा से विश्वविद्यालय स्वर्ण पदक विश्वविद्यालय मुख्य परिसर अध्ययन केंद्र से पंजीकृत एम0ए0 (भूगोल) की छात्रा प्रतिज्ञा मिश्रा को प्रबन्धन अध्ययन विद्याशाखा से विश्वविद्यालय स्वर्ण पदक, रामस्वरुप ग्राम उद्योग स्नातकोत्तर महाविद्यालय, पुखरायां, कानपुर अध्ययन केन्द्र से पंजीकृत एम. बी. ए. के छात्र रजत कुमार राय को, शिक्षा विद्याशाखा से विश्वविद्यालय स्वर्ण पदक, कृष्ण सुदामा महाविद्यालय, सादात, गाजीपुर अध्ययन केन्द्र से पंजीकृत एम0ए0 (शिक्षाशास्त्र) के छात्र जितेंद्र कुमार यादव को, विज्ञान विद्याशाखा से विश्वविद्यालय स्वर्ण पदक, किसान मजदूर महाविद्यालय भीटी मऊ अध्ययन केन्द्र से पंजीकृत एमएससी (जैव रसायन) की छात्रा अमृता गुप्ता को, स्वास्थ्य विज्ञान विद्याशाखा से विश्वविद्यालय स्वर्ण पदक, श्री रतीराम महाविद्यालय, मथुरा, अध्ययन केंद्र से पंजीकृत एमएससी (खाद्य एवं पोषण) की छात्रा नेहा राठौर को दिया गया।
कुलपति प्रोफेसर सिंह ने बताया कि स्नातक वर्ग में विश्वविद्यालय स्वर्ण पदक इस बार विद्याशाखाओं के 06 टापर्स को दिये जायेंगे। जिसमें मानविकी विद्याशाखा से विश्वविद्यालय स्वर्ण पदक, रामधन दामोदर महाविद्यालय, मऊ अध्ययन केन्द्र से पंजीकृत स्नातक (बी0ए0) के छात्र हरिकेश चौहान को, समाज विज्ञान विद्याशाखा से विश्वविद्यालय स्वर्ण पदक, बी बी एस पब्लिक डिग्री कॉलेज, बरना, प्रतापगढ़ अध्ययन केन्द्र से पंजीकृत स्नातक (बी0ए0) के छात्र संदीप कुमार को,
प्रबन्धन अध्ययन विद्याशाखा से विश्वविद्यालय स्वर्ण पदक, बी बी एस पब्लिक डिग्री कॉलेज, बरना, प्रतापगढ़ अध्ययन केन्द्र से पंजीकृत स्नातक (बी0कॉम0) के छात्र शुभम श्रीवास्तव को, कम्प्यूटर एवं सूचना विज्ञान विद्याशाखा से विश्वविद्यालय स्वर्ण पदक कमला नेहरू भौतिक एवं सामाजिक विज्ञान संस्थान, सुल्तानपुर अध्ययन केन्द्र से पंजीकृत स्नातक (बी0सी0ए0) की छात्रा शालिनी मिश्रा को, शिक्षा विद्याशाखा से विश्वविद्यालय स्वर्ण पदक देव इंद्रावती महाविद्यालय, कटेहरी, अंबेडकर नगर अध्ययन केन्द्र से पंजीकृत स्नातक (बी0एड0) की छात्रा अंजली सिंह को, विज्ञान विद्याशाखा से विश्वविद्यालय स्वर्ण पदक, झाम बाबा महाविद्यालय, जलालपुर, अंबेडकर नगर अध्ययन केन्द्र से पंजीकृत स्नातक (बी0एस0सी0) के छात्र विकास कुमार चौरसिया को प्रदान किया जायेगा।
कुलपति प्रोफेसर सिंह ने बताया कि इस बार 10 मेधावी शिक्षार्थियों को दानदाता स्वर्ण पदक से सम्मानित किया जायेगा। इनमें दो नए दानदाता स्वर्ण पदक को जोड़ा गया है, जो छात्राओं को दिए जाएंगे। जिनमें स्वास्थ्य विज्ञान विद्या शाखा के अंतर्गत संचालित स्नातकोत्तर गृह विज्ञान कार्यक्रम में सर्वाधिक अंक प्राप्त करने वाली रामधन दामोदर महाविद्यालय, मऊ अध्ययन केंद्र से पंजीकृत छात्रा अंजली राय को शिवपति द्विवेदी स्मृति स्वर्ण पदक प्रदान किया जाएगा।
परास्नातक में इन्हें मिलेगा पदक
इसी प्रकार समस्त स्नातकोत्तर कार्यक्रम में सर्वाधिक अंक प्राप्त करने वाली विश्वविद्यालय मुख्य परिसर अध्ययन केंद्र प्रयागराज से पंजीकृत एम ए भूगोल की छात्रा प्रतिज्ञा मिश्रा को श्री संतोष कुमार दीक्षित स्मृति स्वर्ण पदक प्रदान किया जाएगा।
इसके साथ ही शिक्षा विद्याशाखा के पूर्व निदेशक प्रो0 सुशील प्रकाश गुप्ता की स्मृति में स्व0 सुशील प्रकाश गुप्ता स्मृति स्वर्ण पदक देव इंद्रावती महाविद्यालय कटेहरी अंबेडकर नगर से पंजीकृत बी एड की छात्रा अंजली सिंह को, बाबू ओमप्रकाश गुप्त स्मृति स्वर्ण पदक, देव इन्द्रावती महाविद्यालय, कटेहरी, अम्बेडकरनगर अध्ययन केन्द्र से पंजीकृत बी0एड0 की छात्रा अंजली सिंह को, कैलाशपत नेवेटिया स्मृति स्वर्ण पदक विश्वविद्यालय मुख्य परिसर अध्ययन केन्द्र, प्रयागराज से पंजीकृत एम0बी0ए0 की छात्रा स्मिता दीक्षित को, अनिल मीना चक्रवर्ती स्मृति स्वर्ण पदक स्नातक वर्ग में बी बी एस पब्लिक डिग्री कॉलेज, बरना, प्रतापगढ़ अध्ययन केन्द्र से पंजीकृत स्नातक (बी0ए0) के छात्र संदीप कुमार को, स्व0 अनिल मीना चक्रवर्ती स्मृति स्वर्ण पदक स्नातकोत्तर वर्ग में विश्वविद्यालय मुख्य परिसर, प्रयागराज अध्ययन केंद्र से पंजीकृत एम0ए0 (भूगोल) की छात्रा प्रतिज्ञा मिश्रा को, प्रो0 एम0पी0 दुबे पर्यावरण/गांधी चिन्तन एवं शान्ति अध्ययन उत्कृष्टता स्वर्ण पदक, झाम बाबा महाविद्यालय जलालपुर अंबेडकर नगर अध्ययन केन्द्र से पंजीकृत बी0ए0 के छात्र सुधांशु गुप्ता को, प्रो0 एम0पी0 दुबे दिव्यांग मेधा स्वर्णपदक टीडी कॉलेज जौनपुर अध्ययन केन्द्र से पंजीकृत बीएड की छात्रा भव्या सिंह को, महान राष्ट्र श्रद्धेय पं. सोहन लाल द्विवेदी स्मृति स्वर्णपद बाबा साधव राम महाविद्यालय, कोइनहां, आजमगढ़ अध्ययन केंद्र से पंजीकृत एम0ए0 (हिन्दी) की छात्रा रुचि यादव को दिया गया।
ये भी पढ़े:- यूपीआरटीओयू : 19 को दीक्षांत समारोह में बेटियों को मिलेंगे सबसे अधिक मेडल
