आजमगढ़: पानी पीने को लेकर हुआ ऐसा विवाद कि चल गए लाठी-डंडे, कार्रवाई में जुटी पुलिस
आजमगढ़, अमृत विचार। पानी पीने को लेकर दो पक्षों में ऐसा विवाद हुआ जिसमें जमकर लाठी-डंडे चले। दो पक्षों के बीच हुए इस संघर्ष को रोकने के लिए पुलिस को आना पड़ा। मामला जिले के लेडुआवर बसालतगंज गांव में बुधवार सुबह का है , जहा सरकारी हैंडपंप से पानी पीने को लेकर दो पक्षों में विवाद हो गया। विवाद देखते ही देखते झड़प में बदल गया। दोनों पक्ष से जम कर लाठी-डंडे चले। जिसमें एक पक्ष से पिता-पुत्र घायल हो गए। पुलिस के पहुंचते ही हमलावर पक्ष के लोग मौके से फरार हो गए।
मिली जानकारी के अनुसार सरायमीर थाना क्षेत्र के लेडुआवर बसालतगंज गांव में सरकारी हैंडपंप है। बुधवार सुबह हैंडपंप से पानी पीने को लेकर दो पक्षों के बीच विवाद हो गया। इसके बाद दोनों पक्षों में गाली-गलौज के साथ ही मारपीट शुरू हो गई। घटना में एक पक्ष से उग्रसेन यादव (29) व अमरनाथ (58) घायल हो गए।
इसके अलावा कुछ और लोगों को भी मामूली चोटें आईं। सूचना पर सरायमीर थाना पुलिस मौके पर पहुंची तो हमलावर पक्ष के लोग मौके से फरार हो गए। पुलिस घायलों को इलाज के लिए अस्पताल भेजने के साथ ही मामले की जांच पड़ताल में जुट गई है।
ये भी पढ़ें -बलिया: गैंगस्टर एक्ट में दो दोषियों को चार साल की सजा, देना होगा जुर्माना
