मुरादाबाद: कोयला लदी मालगाड़ी की दो बैगन में लगी आग, दमकल टीम ने मशक्कत के बाद आग पर पाया काबू
राजा का सहसपुर स्टेशन पर हुई घटना, विशाखापट्टनम से पंजाब के कलानूर जा रही थी मालगाड़ी
मालगाड़ी की बैगन में लगी आग बुझाती दमकल टीम।
मुरादाबाद, अमृत विचार, बिलारी। राजा का सहसपुर जंक्शन से गुजर रही कोयले से लदी मालगाड़ी की दो बैगन में आग लग गई। मालगाड़ी को आपातकाल स्थिति में रोककर अग्निशमन केंद्र को सूचना दी गई। मौके पर पहुंची दमकल टीम ने मशक्कत के बाद आग पर काबू पाया।
स्टेशन अधीक्षक रामकेश मीणा के अनुसार बुधवार दोपहर 1:10 बजे राजा के सहसपुर जक्शन से कोयला लदी मालगाड़ी विशाखापट्टनम से पंजाब के कलानूर जा रही थी। मालगाड़ी की दो बैगन से धुआं निकलते देखा। स्टेशन अधीक्षक ने घटना की जानकारी तुरंत गार्ड नवीन कुमार को दी।
इसके बाद आपात ब्रेक लगाकर मालगाड़ी रोकी गई। सूचना पर दमकल टीम के साथ, रेलवे सुरक्षा बल, राजकीय रेलवे पुलिस और कोतवाली पुलिस घटनास्थल पर पहुंची। दमकल टीम ने काफी देर प्रयास के बाद आग बुझाई। करीब ढाई घंटे बाद मालगाड़ी को गंतव्य की ओर रवाना किया गया। स्टेशन अधीक्षक और गार्ड ने बताया कि कोयले के घर्षण से आग लगना सामान्य बात है। समय रहते आग पर काबू पा लिया गया।
ये भी पढ़ें:- मुरादाबाद: भारत जोड़ो यात्रा में व्यवस्था खराब होने पर भड़के नसीमुद्दीन सिद्दीकी, कांग्रेसियों को लगाई फटकार
