बरेली: ट्रेनें रद होने से क्रिसमस और नए साल पर घूमने की योजना चौपट
मुरादाबाद मंडल में रेलवे ने 35 से ज्यादा ट्रेनों को किया निरस्त, दूसरी ट्रेनों में भी कनफर्म टिकट नहीं मिलने से निराश हुए यात्री
बरेली, अमृत विचार। रेलवे प्रशासन ने कोहरे के कारण बड़ी संख्या में ट्रेनों को निरस्त किया है। जिसकी वजह से लोगों की पहले से की गई प्लानिंग पर ब्रेक लग गया है। क्रिसमस और नए साल पर स्कूल आदि की छुट्टियां होने के कारण लोग पहले से प्लानिंग करके रखते हैं।
ये भी पढ़ें - बरेली: गन्ने के खेत में अचेत अवस्था में मिले दो बालक, एक की मौत तो दूसरे का इलाज जारी
काफी लोगों ने ट्रेनों के टिकट कराकर भी रख लिए थे, लेकिन बीते दिनों एकाएक रेलवे ने ट्रेनों को रद करने का फैसला लिया। जिससे क्रिसमस और नए साल पर घूमने-फिरने की योजना धरी की धरी रह गई। अब दूसरी ट्रेनों में उनको जगह नहीं मिल रही है।
सर्राफ का काम करने वाले सोहराबुद्दीन ने बताया कि वह मूल रूप से पश्चिम बंगाल के रहने वाले हैं, लेकिन कारोबार के कारण वर्षों से उनका परिवार यहीं रहता है। बच्चों की पढ़ाई लिखाई भी यहीं हुई है। क्रिसमस की छुट्टियों पर पैतृक गांव जाने के लिए अकाल तख्त एक्सप्रेस से टिकट कराए थे, लेकिन कोहरे के कारण रेलवे ने ट्रेन को निरस्त कर दिया।
लिहाजा, उनकी की गई प्लानिंग पर पानी फिर गया। उसी तरह सिंधु नगर के रहने वाले नरेश छटवानी ने बताया कि उन्होंने बरेली-प्रयागराज एक्सप्रेस से प्रयागराज जाने के लिए टिकट कराए थे, लेकिन ट्रेन रद होने से पूरा प्लान ही खराब हो गया।
अब तत्काल में टिकट कराने की सोच रहे हैं। रेलवे ने 35 से ज्यादा ट्रेनों को न सिर्फ पूरी तरह निरस्त किया है बल्कि काफी संख्या में ट्रेनें ऐसी भी हैं जिनके फेरे कम किए गए हैं। बड़ी संख्या में यात्रियों को टिकट निरस्त हुए हैं।
इन ट्रेनों को रेलवे ने किया निरस्त: बरेली- प्रयाग 14307-08, बनारस-देहरादून 14265-66, शहीद एक्सप्रेस 14673-74, योगनगरी-प्रयागराज 14229-30, बरेली-बनारस 14235-36, मालदा टाउन-नई दिल्ली 14003-04, लखनऊ-आनंद विहार 12583-84, चंडीगढ़-डिब्रूगढ़ 15903-04, सहरसा-आनंद विहार 15279-80, टाटा नगर- जलियांवाला बाग 18103-04, अमृतसर- बनमंखी 14617-18, बरौनी-अंबाला 14523-24, मुजफ्फरपुर-आनंद विहार 12557-58, हरिद्वार- लोकमान्य तिलक 12171-72, कोलकाता-अमृतसर 12317-18, हावड़ा-देहरादून 12369-70, कोलकाता-अमृतसर 12358-57, कामाख्या-आंनद विहार 15521-22।
ये भी पढ़ें - बरेली: कोहरे में जरा संभल कर... वाहन चलाते समय लापरवाही पड़ सकती है भारी
