कानपुर बना क्राइमपुर, एक ही दिन में तीन हत्याओं से थर्राया शहर, जांच में जुटी पुलिस 

Amrit Vichar Network
Edited By Amrit Vichar
On

अमृत विचार कानपुर। गुरुवार को शहर में हुई एक के बाद एक ताबड़तोड़ हत्याओं से कानपुर थर्रा गया। पहले वृद्धा, फिर अधेड़ और इसके बाद युवक की अलग-अलग तरीके से की गई हत्याओं से पुलिस महकमे में हड़कंप मच गया। पुलिस के आलाधिकारियों ने मौके पर पहुंचकर जांच पड़ताल की जिसमें से एक हत्यारोपी हिस्ट्रीशीटर को ग्रामीणों ने ही पीटने के पुलिस को सौंप दिया। बाकी दो अन्य मामलों में पुलिस के हाथ खाली है। हत्यारोपियों ने पुलिस को खुली चुनौती दी है। घटना से पर्दा उठाने के लिए पुलिस की कई टीमें जांच में जुट गई है। क्षेत्र के हर संदिग्ध व्यक्ति से पूछताछ कर रही है। साथ ही घटनास्थल के आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों की भी मदद ली जा रही है।

हिस्ट्रीशीटर ने टोकने पर वृद्धा मार डाला
चौबेपुर क्षेत्र के घाघपुर गांव में गुरुवार सुबह एक धार्मिक स्थल के निकट लघुशंका करने को लेकर हुई कहासुनी के बाद आक्रोशित हिस्ट्रीशीटर ने पहले मंदिर में रखी मूर्ति क्षतिग्रस्त की और उसके बाद वृद्धा की डंडे से पीट-पीटकर नृशंस हत्या कर दी। हत्यारोपी ने घर में मौजूद एक बकरी को भी मार डाला। ग्रामीणों ने हत्यारोपी को पीटने के बाद पुलिस को सौंप दिया। 
 

सुरजाना देवी बीते कई वर्षों से बेटी के पुत्र गुलाब सिंह के साथ रह रहीं थी। उनके तीन भाई कृपाल सिंह, शिवपाल व रामगोपाल भी अलग- अलग मकान बनाकर अपने परिवारों के साथ रहते हैं। गुरुवार की सुबह करीब आठ बजे पड़ोस में ही रहने वाला विजय गौतम जो कि हिस्ट्रीशीटर है। ठीक बगल में स्थित मंदिर के निकट लघुशंका कर रहा था, जिसका गुलाब सिंह ने विरोध किया। दोनों के बीच कहासुनी हो गई। झगड़ा देख गांव के विनोद कुमार ने दोनों को समझा-बुझाकर अलग कराया। इस बात से आक्रोशित विजय गौतम ने मंदिर में रखी मूर्तियों को क्षतिग्रस्त किया और फिर सुरजाना के सिर पर डंडे से कई ताबड़तोड़ वार किए। उनकी मौके पर ही मौत हो गई। आरोपी खून से सना डंडा लेकर वह भागने लगा। जिससे ग्रामीणों ने घेरकर पकड़ लिया। डीसीपी विजय ढुल, एडीसीपी लखन सिंह यादव, एसीपी आलोक सिंह मौके पर पहुंचे और विजय से पूछताछ की। फॉरेंसिक टीम ने घटनास्थल से साक्ष्य जुटाए। बकरी के शव को पोस्टमार्टम के लिए पशु चिकित्सा केंद्र भेजा गया। पुलिस ने मंदिर से 20 मूर्तियों को कब्जे में लिया है। मृतका के भतीजे रोहित की तहरीर पर विजय गौतम के खिलाफ हत्या ,पशु क्रूरता अधिनियम समेत अन्य धाराओं में मुकदमा दर्ज किया है।
पहले भी जेल जा चुका हत्यारोपी  विजय गौतम सजायाफ्ता है। एसीपी आलोक सिंह ने बताया कि उसके खिलाफ करीब आठ वर्ष पूर्व लड़की ले जाने को लेकर मुकदमा पंजीकृत हुआ था। उसे जेल की सजा भी हुई थी। गांव में बवाल और हंगामे की आशंका के मद्देनजर पुलिस बल तैनात किया गया है।

सिक्योरिटी गार्ड की ईंट पत्थर से सिर कूचकर हत्या
गोविंदनगर क्षेत्र के एक निर्माणाधीन अपार्टमेंट में सिक्योरिटी गार्ड की ईंट पत्थर से कूचकर हत्या कर दी गई। गुरुवार की सुबह काम पर पहुंचे मजदूरों ने उनका रक्तरंजित शव देखा और सूचना दी। गोविंद नगर पुलिस और फोरेंसिक टीम ने मौके पर जांच की।  गोविंद नगर इंस्पेक्टर धनंजय पांडेय ने बताया कि गोविंद नगर टी-ब्लॉक में श्याम कृपा नाम से एक निर्माणाधीन अपार्टमेंट है। यहां हरदोई के रहने वाले चंद्रप्रकाश वर्मा (55) हाल में संजय गांधी नगर में राजेश शुक्ला के पास रहते थे। वह महेश द्विवेदी की सिक्योरिटी एजेंसी में पिछले चार साल से गार्ड का काम कर रहे थे। पुलिस ने बताया कि वह महेंद्र वर्मा के अपार्टमेंट में गार्ड थे। अपार्टमेंट में ग्राउंड फ्लोर पर जमीन पर बिस्तर लगाकर सोते थे। हत्यारों ने सोते समय ही ईंट पत्थर से सिर कूचकर नृशंस हत्या कर दी। गुरुवार सुबह काम करने वाले मजदूर पहुंचे तो जमीन पर बिस्तर में ही खून से लथपथ शव मिलने से हड़कंप मच गया। मौके पर सैकड़ों लोगों की भीड़ जुट गई। मामले की जांच के लिए बिल्डर, सिक्योरिटी गार्ड एजेंसी के मालिक, मजदूरों से पूछताछ की जा रही है। जांच में पता चला है कि वह 20 दिन पहले ही अपार्टमेंट में नौकरी शुरू की थी। डीसीपी साउथ समेत कई अफसर पहुंचे डीसीपी साउथ प्रमोद कुमार, एडीसीपी अंकिता शर्मा, एसीपी संतोष सिंह समेत अन्य अफसरों ने मौके पर जांच की। डीसीपी साउथ ने बताया कि पूछताछ में सामने आया है कि एक युवक सिक्योरिटी गार्ड से मिलने आता था। कल भी आया था और दोनों के बीच किसी बात को लेकर विवाद हुआ था। तलाश की जा रही है। 

युवक की हत्या कर शव चौकी के सामने फेंका 
कल्याणपुर क्षेत्र में 16 दिनों से लापता युवक की हत्या कर हत्यारोपियों ने उसका शव पुलिस चौकी के सामने फेंक दिया। वह महाराणा प्रताप स्कूल में गार्ड था। घटना के बाद परिजनों ने पुलिस पर कार्रवाई न करने का आरोप लगाकर जमकर हंगामा किया।  बिल्हौर निवासी 22 वर्षीय तन्मय तिवारी उर्फ अनी पिछले चार महीने से स्कूल में गार्ड की नौकरी करके तिवारी मोहल्ले में रह रहा था। बहनोई विकास शुक्ला ने बताया कि सात दिसंबर को वह अपने दोस्तों के साथ शादी में गया था। इसके बाद वह लापता हो गया। बताया कि इसके बाद उसकी दो दिनों तक सभी जगह तलाश की गई, लेकिन सफलता हाथ नहीं लगी। उन्होंने नौ दिसंबर को गुमशुदगी दर्ज कराई थी। उन्होंने आरोप लगाया कि पुलिस इस मामले में शुरु से कोई ध्यान नहीं दे रही थी। 16 दिनों बाद उसका शव पुलिस चौकी पनकी रोड के सामने सुखदेई धाम के बगल में घनी आबादी के बीच बनी खंती में मिला। लघुशंका के दौरान लोगों ने शव पड़े होने की सूचना पुलिस को दी। पुलिस ने कड़ी मशक्कत कर शव को रस्सी के सहारे बाहर निकलवाया और परिजनों को सूचना दी। घटना के बाद परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल है।

चार के खिलाफ दर्ज कराया था अपहरण का मुकदमा 
परिवार के लोगों ने शंका के आधार पर 16 दिसंबर को कल्याणपुर थाने में अनीता पांडेय, निर्भय यादव, दीपांशु कुश्वाहा और करन चौरसिया निवासी कल्याणपुर पश्चिमी के खिलाफ अपहरण का मुकदमा दर्ज कराया था। तन्मय तिवारी के पिता प्रभाशंकर व मां मीना का आरोप है कि पुलिस ने गुमशुदगी दर्ज करने के बाद अपना पीछा छुड़ा लिया। एक भी दिन मामले की जांच नहीं की। परिजनों ने पुलिस पर लापरवाही का आरोप लगाकर उच्चाधिकारियों से शिकायत करने की बात कही है। आरोप है कि पुलिस ने एक भी आरोपी की अरेस्टिंग नहीं की। वह लोग खुलेआम घूम रहे हैं। 

सीसीटीवी की लिस्ट बनाकर लाओ
बहनोई विकास शुक्ला के मुताबिक कल्याणपुर थाने और चौकी के दरोगा ने परिवार से कहा कि वह क्षेत्र में लगे सीसीटीवी की एक लिस्ट बनाकर लाएं इसके बाद देखते हैं। आरोप यह भी है कि आए दिन पुलिस उन्हें कोर्ट में होने की बात कहकर समय काटती रही। पुलिस की ओर से कार्रवाई न किए जाने से उसकी हत्या करके शव फेंक दिया गया। 

हत्या कहीं और करके शव यहां फेंका
परिजनों का आरोप है कि हत्यारों ने पुलिस को इस मामले में खुली चुनौती दी है। चुंगी चौराहे पर स्थित एक नंबर पुलिस चौकी के सामने उसका हत्या कर शव को फेंक दिया गया। आरोप है कि पहले उसे कहीं और बंधकर बनाकर मारपीट करने के बाद हत्या की है, इसके बाद रातों रात शव को यहां फेंका गया है। कहा कि यह जगह इतनी अतिव्यस्ततम वाली जगह जहां हत्या नहीं की जा सकती है। उसे मारा कहीं और गया है और फेंका यहां है। कुछ परिजनों ने दबी जुबां बताया कि इसके मिर्जापुर की रहने वाली एक महिला से संबंध थे, जिसके बाद उसके पति और भाईयों ने घटना को अंजाम दिया है।

ये भी पढ़े:- कानपुर: फोन पर बात करने के दौरान तीसरी मंजिल से गिरी लॉ छात्रा की मौत, गुजरात के सूरत जिले की है निवासी

संबंधित समाचार

टॉप न्यूज

कानपुर में लोन डिफॉल्ट पर एक्शन : बैंक ने लगाया लैदर फैक्ट्री पर ताला, बकाया न चुकाने पर लिया कब्जा
Barabanki News: श्रावण से पहले शिव मंदिरों की विद्युत सुरक्षा दुरुस्त करने के निर्देश, डीएम बोले- लापरवाही बिल्कुल बर्दाश्त नहीं होगी
NEET विवाद: सरकार-CJP वार्ता के बाद बढ़ी उम्मीदें, सरकार ने मानी 3 में से 2 मांगे; क्या होगा धर्मेंद्र प्रधान का इस्तीफा?
Gonda News:चलती ट्रेन में गूंजी किलकारी, बिहार संपर्क क्रांति एक्सप्रेस में महिला ने दिया बच्चे को जन्म
CJP Protest: सीजेपी-सरकार वार्ता खत्म, तीन प्रमुख मांगें सरकार के सामने रखीं; धर्मेंद्र प्रधान के इस्तीफे पर फैसला कल संभव