लखनऊ: ट्रक चालकों के मोबाइल फोन की एसटीएफ करेगी जांच, जानें वजह

Amrit Vichar Network
Edited By Amrit Vichar
On

अमृत विचार संवाददाता, लखनऊ। ट्रांसपोर्ट नगर के मौरंग मंडी में छापेमारी के दौरान वाहन चालकों के जब्त मोबाइल की एसटीएफ से जांच के निर्देश से परिवहन विभाग के आला अधिकारियों से लेकर आरटीओ कार्यालय में हड़कंप मचा है। परिवहन मंत्री दयाशंकर सिंह के इस आदेश से न केवल ट्रक मालिकों बल्कि विभागीय अधिकारियों एवं दलालों की नींद उड़ गई है।

मोबाइल के रिकार्ड की जांच से ओवर लोडिंग के खेल में गठबंधन का खुलासा होगा। मालूम हो कि बीते गुरुवार को ओवरलोड वाहनों के खिलाफ परिवहन मंत्री दयाशंकर सिंह ने ट्रांसपोर्ट नगर मौरंग मंडी में औचक निरीक्षण किया था। परिवहन मंत्री का काफिला देखकर पार्किंग स्थल नंबर 9 पर ओवरलोड वाहनों के चालकों, मालिकों में हड़कंप मच गया । वहां काफी संख्या में ओवरलोड ट्रक खड़े मिले। चालक पहले कुछ समझ पाते , मंत्री ने आरटीओ को बुलवा लिया।

 मंत्री के पहुंचने पर सभी पार्किंग स्थल मिलाकर तकरीबन 200 ट्रकों पर ओवरलोड मौरंग, बालू, गिट्टी, सरिया और सीमेंट लदे पाए गए। मंत्री की सूचना पर पहुंचे आरटीओ दल ने ट्रांसपोर्टनगर और आईआईएम रोड पर ओवरलोड वाहनों के खिलाफ बड़ी कार्रवाई की। जिसमें 47 ओवरलोड ट्रकों के चालान काटे गए, वहीं 28 ओवरलोड वाहनों को विभिन्न थानों में जब्त करने की कार्रवाई की गई।

लोकेशन शेयर करने वाले मोबाइल की होगी जांच
परिवहन मंत्री दयाशंकर सिंह ने छापे के दौरान कुछ लोग व आरटीओ के अधिकारी लोकेशन शेयर करने लगे। इस बीच मंत्री ने कड़ी नाराजगी जाहिर की उन्होंने व्हाट्सअप के माध्यम से लोकेशन शेयर करने वाले व्यक्तियों का मोबाइल जब्त कराया और इसमें शामिल दलालों,अधिकारियों की जांच करने के निर्देश भी दिये। उन्होंने कहा कि दोषी अधिकारियों के खिलाफ भी कड़ी से कड़ी कार्रवाई की जायेगी। जहां शुक्रवार को उन्होंने दलालों,अधिकारियों ,चालकों की जब्त मोबाइल की जांच एसटीएफ से कराने के आदेश दे दिए हैं।

यह भी पढ़ें:-कानपुर देहात का बलवंत हत्याकांड: फरार तीनों आरोपियों के खिलाफ कोर्ट ने जारी किया गैरजमानती वारंट

संबंधित समाचार