शादीशुदा प्रेमिका पर संबंध बनाने का दबाव देने के लिए प्रेमी ने किया बच्चे का अपहरण, जानें फिर क्या हुआ
अमृत विचार संवाददाता, लखनऊ। पूर्व से विवाहिता प्रेमिका पर शादी का दबाव बनाने के लिए उसके डेढ़ वर्ष के बच्चे का अपहरण करने और बच्चे की हत्या करने की धमकी देने का मामला प्रकाश में आया है। घटना जानकीपुरम कोतवाली क्षेत्र के सलीम तिराहे के समीप गत गुरुवार की है। अपहृत बच्चे की मां की प्राथमिकी पर शनिवार को जानकीपुरम पुलिस ने आरोपी प्रेमी और उसके साथी को बाराबंकी से गिरफ्तार कर लिया है।
वहीं अपहृत बच्चे को बरामद करते हुए उसकी मां को सौंप दिया गया है। गिरफ्तार आरोपियों की पहचान सीतापुर जिले के बनिहा गांव निवासी सत्तीयोम (28) व उसके साथी बाराबंकी के लालपुर गांव निवासी मोहन (26) के रूप में हुई है। दोनों मजदूरी का काम करते हैं।
पति ने छोड़ा तो बना ली करीबियां
मामले की जानकारी देते हुए जानकीपुरम प्रभारी निरीक्षक आशुतोष कुमार ने बताया कि सलीम तिराहे के पीछे स्थित झोपड़पट्टी निवासी महिला का उसके पति से विवाद हो गया था और दोनों अलग रहने लगे थे। इसी बीच सत्तीयोम ने महिला से करीबी बढ़ाई और उसके साथ ही रहने लगा। सत्तीयोम ने महिला पर शादी करने और संबंध बनाने दबाव बनाया तो उसने इनकार कर दिया।
महिला को डराने के लिए सत्तीयोम ने अपने साथी मोहन के साथ मिलकर महिला के डेढ़ वर्षीय बेटे प्रिंस का गुरुवार रात अपहरण कर लिया और बाराबंकी पहुंचकर उसकी मां को धमकी दी कि अगर शादी नहीं की तो बच्चे की हत्या कर देगा। पीड़िता की शिकायत पर सर्विलांस टीम की मदद से शनिवार को दोनों आरोपियों को बाराबंकी से गिरफ्तार किया गया।
यह भी पढ़ें;-शाहजहांपुर: सत्यानंद हॉस्पिटल के डॉक्टर और स्टाफ पर गैरइरादन हत्या की रिपोर्ट दर्ज
