बरेली: धूमधाम से मनाया प्रभु यीशु का जन्मोत्सव

Amrit Vichar Network
Published By Om Parkash chaubey
On

 रात 12 बजे तक प्रभु यीशु के आगमन के इंतजार में टिकी रही नजरें, दोपहर बाद से चर्च में आराधना के लिए पहुंचने लगे मसीही समुदाय के लोग

बरेली, अमृत विचार। आधी रात में जैसे ही घड़ी की सुइयां एक हुईं, मसीही समुदाय के लोग खुशी से झूमने लगे, गिरिजाघरों के घंटे बजने लगे, चारों ओर मेरी क्रिसमस गूंज उठा। बच्चों की टोलिया दोस्तों संग मस्ती में डूबी दिखीं तो युवा कैरोल के जरिए प्रभु के आगमन की खुशियां मनाते दिखे।

बिजली के झालरों से सजा गिरजाघर ऐसा लगा मानो आसमान से तारे जमीन पर उतर आए हों। घरों में अलग ही नजारा देखने को मिला। आधी रात में केक काटकर एक दूसरे को मेरी क्रिसमस की बधाई दी।

ये भी पढ़ें - बरेली: वार्षिकोत्सव ''''तारे जमीं पर'''' दिव्यांग बच्चों ने दिखाई मनमोहक प्रस्तुति

प्रभु यीशु के आगमन को लेकर शहर के विभिन्न गिरजाघरों में देर शाम से ही मसीही समुदाय के लोग जुटने लगे थे। रात 10 बजे से ही प्रभु यीशु के आगमन के पहले होने वाली विधियों को पादरियों ने शुरू करा दिया था। छावनी स्थित सेंट अल्फांसेस गिरिजाघर में बिशप डा. इग्निशयस डिसूजा ने विशेष प्रार्थना कराई।

इससे पहले रात 10.30 बजे से ही चर्च की क्वायर टीम प्रभु के भजनों का गुणगान करने में जुटी रही। मिस्सा बलिदान के बाद चरनी में प्रभु यीशु का जन्म हुआ। बटलर स्थित क्राइस्ट चर्च में क्रिसमस ईव व बोन फायर का आयोजन किया गया। पादरी सुनील के मसीह ने विशेष प्रार्थना के बाद प्रभु यीशु के जन्म की घोषणा की।

डा. डोनाल्ड बी लाल, विजय, प्रभा, रोजी, शीला एड्ज, वीनस फिलिप आदि मौजूद रहे। कैंट स्थित सेंट स्टीफन चर्च में क्रिसमस के पहले मिड नाइट सर्विस के बाद पुरोहित ने खीस्ट जन्मोत्सव की विशेष प्रार्थना कराई। इस दौरान महिलाएं, युवतियों व बच्चों ने सामूहिक कैरोल की प्रस्तुति दी।

12 बजे रात तक टिकी रही आकर्षक झांकी पर लोगों की नजर: रात 12 बजते ही महिलाओं और पुरुषों का जमावड़ा लग गया। लोगों की नजरें चर्च में बने प्रभु यीशु के जन्म के समय की आकर्षक झांकी पर टिकी हुई थीं, जहां प्रभु ईसा मसीह का जन्म होना था। प्रभु ईसा मसीह के जन्म से खुश महिलाओं, पुरुषों और बच्चों ने बधाई गीत गाकर खुशी का इजहार किया।

ये भी पढ़ें - बरेली: ग्रामीण क्षेत्र की खराब सड़कें खोल रहीं दावों की पोल

संबंधित समाचार