शाहजहांपुर: ‘या अल्लाह, देश और दुनिया की आवाम को कोरोना से महफूज फरमाएं’
शाहजहांपुर, अमृत विचार। कोरोना वैश्विक महामारी से बचने के लिए सामाजिक दूरी का पालन करते हुए शनिवार को बड़ी ईदगाह में शहर इमाम हुजूर अहमद मंजरी ने पांच लोगों के साथ ईद-उल- अजहा की नमाज अदा की। जहां अल्लाहताला से देश व दुनिया की आवाम को महफूज रखने की दुआ की गई। पूर्व नगर पालिका …
शाहजहांपुर, अमृत विचार। कोरोना वैश्विक महामारी से बचने के लिए सामाजिक दूरी का पालन करते हुए शनिवार को बड़ी ईदगाह में शहर इमाम हुजूर अहमद मंजरी ने पांच लोगों के साथ ईद-उल- अजहा की नमाज अदा की। जहां अल्लाहताला से देश व दुनिया की आवाम को महफूज रखने की दुआ की गई। पूर्व नगर पालिका अध्यक्ष सपा जिलाध्यक्ष्या ने महमद जलालनगर में मस्जिद में नमाज अदा की।
शहर इमाम ने कहा कि सरकार को सबसे पहले इबादतगाहों जैसे मस्जिद, मंदिर व गिरजा घर को खोलना चाहिये, जिससे सर्व धर्म के लोग अपने मजहब के हिसाब से अल्लाह से दुआ करें, देश जिस महामारी से जूझ रहा है अल्लाहताला उस बीमारी से देश दुनिया की आवाम को महफूज फरमाये, जिससे हमारा मुल्क पिछले दिनो की तरह खुशहाल हो। इसके साथ ही उन्होंने लोगो से अपील की कि सरकार के मंशा के अनुसार सार्वजनिक स्थानों पर कुर्बानी से बचें और अपने-अपने घर पर सोशल डिस्टेंसिंग का पालन करते हुए अल्लाह की रजा में कुर्बानी करें।
शहर इमाम ने दुआ की कि अल्लाहताला हर इंसान व भारत को कोरोना वायरस से निजात दिला, हमारे मुल्क मे अमनो अमान पैदा फरमाए। उन्होंने देश व लोगो को तरक्की अता फरमा बाद दुआ के लोगो को ईद की मुबारकबाद दी। सरकार की तरफ से जारी फरमान का पालन करते हुए ईद की नमाज के बदले चार रकात चाश्त नफल घरों पर अदा किये। इस मौके पर अध्यक्ष ईदगाह कमेटी राहत अली खां, अध्यक्ष जामा मस्जिद डॉक्टर तारिक अली खां, अफाक अली खां, कादिर खां, अहसन रजा सहित प्रशासन के लोग मौजूद रहे।
मोबाइल पर एक-दूसरे को दी ईद की मुबारकबाद
कोरोना वैश्विक महामारी की वजह से लोगों का ईद पर एक-दूसरे के घर आना-जाना नहीं हो पाया। एक-दूसरे ने मोबाइल पर काॅल करके और व्हाट्सएप मैसेज भेजकर ईद की मुबारकबाद दी। इसके बाद सोशल डिस्टेंसिंग के साथ सिवाइयों का स्वाद चखा।
चैराहों और धार्मिक स्थलों के पास मुस्तैद रही पुलिस
कोरोना वैश्विक महामारी से बचने के लिए जारी की गई अनलाॅकडाउन की गाइड लाइन के अनुसार पुलिस शहर के प्रमुख चैराहों और धार्मिक स्थलों के पास तैनात रही। बेवजह घूमने वालों को हिदायत देकर घर लौटाया और जो लोग मास्क नहीं लगाए थे। उन्हें भी हिदायत दी।
ईद पर घरों में दी गई कुर्बानी
कांट। ईदगाह में ईद-उल अजहा की नमाज के बाद कारी जाने अली कादरी ने मुल्क की तरक्की और करोना महामारी से निजात की दुआ मांगी। कुर्बानी के त्योहार ईद-उल-अजहा के मौके पर मुल्क की तरक्की अमन-चैन और करोना कोविड 19 जैसी बीमारी से निजात पाने के लिए ईदगाह और मस्जिदों में शासन की गाइडलाइन के अनुसार पांच-पांच लोगो ने नमाज अदा की। नमाज के बाद खुसूसी दुआ की गई। करोना के चलते मस्जिदों में सन्नाटा रहा। लोगों ने ईद-उल-अजहा की नमाज अपने अपने घरों में अदा की।
ईदगाह में नमाज के बाद कारी जाने अली कादरी और मुताबल्ली शहजाद अहमद खां ने नगर वासियों को ईद की मुबारकबाद दी और सादगी से ईद मनाने की अपील की। उन्होंने कहा कि कुर्बानी अपने घरों में करे और कुर्बानी के जानवरों के अवशेष इधर-उधर न फेकें, जिससे किसी व्यक्ति विशेष या किसी समुदाय विशेष को परेशानी का सामना करना पड़े। हमारा कस्बा हिन्दू मुस्लिम एकता का प्रतीक रहा है और जो आगे भी एकता की मिसाल कायम रहेगी।
सादगी के साथ मनाई गई ईद
मीरानपुर कटरा। ईद-उल-अजहा का त्यौहार बेहद सादगी से मनाया गया। कोरोना गाइड लाइन के मुताबिक ईदगाह में सन्नाटा पसरा रहा। लोगों ने घरों में इबादत कर देश, दुनिया में कोरोना से निजात और अमन, खुशहाली की दुआएं मांगीं। लाकडाउन के चलते चैराहे से लेकर बाजार और गली, मोहल्लों में सन्नाटा पसरा रहा। त्योहार की भीड़ भाड़ और रौनक बिल्कुल नदारद रही। पुलिस और प्रशासनिक अधिकारी मुस्तैद रहे।
